झारखंड : पलामू में सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका
मेदिनीनगर, 27 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू जिले में मेदिनीनगर बाईपास रोड स्थित जेएमपी परिसर में रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 50 वर्षीय विनोद पांडे के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे स्कूटी से एक युवक जेएमपी परिसर में पहुंचा। कुछ देर बाद उसने अपने दो अन्य साथियों को भी वहां बुला लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों कुछ समय तक परिसर में घूमते रहे। इसके बाद वे ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड विनोद पांडे को अपने साथ मुख्य गेट की ओर ले गए, जहां उन्हें नजदीक से गोली मार दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह जानकारी मिली है कि 15 जुलाई की रात इसी परिसर में आयोजित एक जन्मदिन समारोह के दौरान परिसर के मैनेजर सोनू सिंह और जटेश्वर मेहता के पुत्र कमलेश मेहता के साथ आए कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं उसी विवाद या पुरानी रंजिश के कारण इस हत्या को अंजाम तो नहीं दिया गया।
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके

