Samachar Nama
×

झारखंडः पलामू में हाईवे निर्माण को लेकर बवाल, ग्रामीणों और पुलिस के बीच टकराव में कई घायल

झारखंडः पलामू में हाईवे निर्माण को लेकर बवाल, ग्रामीणों और पुलिस के बीच टकराव में कई घायल
झारखंडः पलामू में हाईवे निर्माण को लेकर बवाल, ग्रामीणों और पुलिस के बीच टकराव में कई घायल

पलामू, 9 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू जिले में नेशनल हाईवे-39 के निर्माण कार्य को लेकर गुरुवार सुबह चियांकी में प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों के बीच जमकर भिड़ंत हो गई। ग्रामीणों की ओर से पत्थरबाजी और पुलिस के लाठीचार्ज में कई ग्रामीण तथा दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।

टकराव की यह घटना सदर थाना क्षेत्र के चियांकी स्थित वन विभाग के चेकनाका के पास हुई। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम सड़क निर्माण कार्य के तहत अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी मशीन के साथ पहुंची थी। स्थानीय लोगों ने मुआवजा दिए बिना मकान तोड़े जाने का विरोध किया। इसी दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच विवाद बढ़ गया, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ग्रामीणों की ओर से पत्थरबाजी शुरू होने के बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। घटना में झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) के जवान राजमोहन सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि सहायक महिला पुलिसकर्मी प्रिया कुमारी के पैर में चोट आई। अन्य घायल पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

प्रशासन ने हाईवे निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्र में पहले ही निषेधाज्ञा लागू की थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन किया। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडे, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव और सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

झड़प के दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति भी बनी, जिसे बाद में हटवा दिया गया। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

--आईएएनएस

एसएनसी/वीसी

Share this story

Tags