झारखंड में एसआईआर की प्रक्रिया आखिरी चरण में, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप
रांची, 17 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। इसके तहत छुटे हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने का एक और अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक चलेंगे। इनमें बीएलओ-बीएलए-2 की बैठक और चुनाव पाठशाला भी आयोजित होगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने राज्य के सभी पात्र भारतीय नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाने और मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत यह पहल इसलिए की जा रही है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि कैंप में तीन बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पहले, भारत निर्वाचन आयोग की ओर से एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं) की सूची सभी मतदान केंद्रों पर फिर से प्रकाशित की जा रही है। यदि कोई पात्र नागरिक किसी कारणवश इस सूची में शामिल हो गया है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 अथवा इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर सकता है।
नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी और अन्य श्रेणियों के ऐसे मतदाताओं की सूची भी संबंधित मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिन्हें निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) स्तर से सुनवाई के दौरान दो बार नोटिस जारी किए जाने और घर-घर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने के कारण चिह्नित किया गया है।
ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान की जाएगी, जो एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, लेकिन अब तक संबंधित मतदान केंद्र की मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज नहीं है। ऐसे नागरिकों से फॉर्म-6 प्राप्त कर नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
के रवि कुमार ने बताया कि एसआईआर के तहत यह छठी और अंतिम बीएलओ-बीएलए-2 बैठक है। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर उपलब्ध कराए जा रहे इस अवसर का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराना सुनिश्चित करें।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी

