Samachar Nama
×

झारखंड में दीपावली और उसके बाद आग लगने की तीन घटनाओं में भारी नुकसान

झारखंड में दीपावली और उसके बाद आग लगने की तीन घटनाओं में भारी नुकसान
झारखंड में दीपावली और उसके बाद आग लगने की तीन घटनाओं में भारी नुकसान

रांची, 9 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के लोहरदगा, देवघर और जमशेदपुर में अगलगी की तीन अलग-अलग घटनाओं में भारी नुकसान हुआ है। लोहरदगा में एक उद्योगपति के मकान में आग लगने से 50 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति और एक कार जलकर नष्ट हो गई।

देवघर में दीपावली के पटाखे की चिंगारी से कपड़े की दुकान राख हो गई, जबकि जमशेदपुर में एक मकान में लगी आग से बाइक जलकर नष्ट हो गई। तीनों घटनाओं में एक करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान है।

लोहरदगा शहर के मिशन चौक स्थित उद्योगपति दीपक कुमार जायसवाल के आवास पर सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैल गई और घर के कई कमरे, कीमती सामान तथा परिसर में खड़ी कार इसकी चपेट में आ गए।

घटना के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे। आग की लपटें बढ़ने पर पंकज जायसवाल बालकनी से छत पर कूदकर बाहर निकले। दीपक जायसवाल और उनके बेटे को भागने के दौरान हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

वहीं, देवघर जिले के भतहरिया गांव में दीपावली के दौरान पटाखे की चिंगारी से व्यवसायी द्वारिका मंडल की द्वारिका वस्त्रालय में आग लग गई। दुकान में रखे कपड़ों के कारण आग तेजी से फैल गई। ग्रामीणों ने मोटर पंप और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान तीन-चार लोगों के हाथ-पैर झुलस गए। दुकानदार के अनुसार, दुकान में रखे लाखों रुपए के कपड़े और गल्ले में रखे 50 हजार रुपए नकद जल गए। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

इधर, जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह में रविवार देर रात एक मकान में आग लग गई। आंध्रा एसोसिएशन के पास स्थित मकान से उठती लपटों को देखकर स्थानीय लोग जुटे। वहीं, मकान के अंदर खड़ी एक बाइक पूरी तरह जल गई। बताया गया कि घटना के समय एक व्यक्ति मकान के भीतर था, जो पिछले दरवाजे से बाहर निकल गया। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग लगने के कारण और कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

Share this story

Tags