झारखंड में सीबीआई का बड़ा एक्शन, 77 हजार रुपए रिश्वत लेते एसबीआई ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार
नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने झारखंड में रिश्वतखोरी के एक मामले में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की डुमरिया शाखा के ब्रांच मैनेजर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को शिकायतकर्ता से 77,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
सीबीआई द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह मामला 31 मई को दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि झारखंड के गोड्डा जिले स्थित एसबीआई डुमरिया शाखा के ब्रांच मैनेजर ने शिकायतकर्ता की दिवंगत मां की 'प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना' (पीएमजेजेबीवाई) के तहत 2 लाख रुपए के बीमा क्लेम को प्रोसेस करने के बदले 60,000 रुपए की रिश्वत मांगी थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसकी मां के निधन के बाद बैंक खाते को उसके नाम पर स्थानांतरित कर दिया गया था। इसके बावजूद खाते से 35,000 रुपए की राशि निकालने पर रोक लगी हुई थी। इस रोक को हटाने के लिए आरोपी अधिकारी ने अतिरिक्त 17,000 रुपए की रिश्वत की मांग की। इस तरह कुल 77,000 रुपए रिश्वत के रूप में मांगे गए।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की प्रारंभिक जांच की और आरोपों की पुष्टि होने पर भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद एजेंसी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को निर्धारित राशि के साथ भेजा गया और पूरी कार्रवाई पर निगरानी रखी गई।
सीबीआई के अनुसार, 1 जून को आरोपी ब्रांच मैनेजर को शिकायतकर्ता से 77,000 रुपए की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद एजेंसी ने आरोपी के कार्यालय और आवासीय परिसर में तलाशी अभियान भी शुरू किया। तलाशी के दौरान मिले विभिन्न दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार ब्रांच मैनेजर को मंगलवार को धनबाद की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा, जहां सीबीआई आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग कर सकती है।
सीबीआई ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और रिश्वतखोरी से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अधिकारी ने इसी प्रकार के अन्य मामलों में भी अनियमितताएं या भ्रष्टाचार किया है या नहीं।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम

