झारखंड में बड़ी कार्रवाई, रांची-पलामू में 700 किलो से अधिक डोडा जब्त; तीन तस्कर गिरफ्तार
रांची, 31 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड पुलिस ने नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। राजधानी रांची और पलामू जिले में की गई छापेमारी के दौरान कुल 716 किलोग्राम अवैध डोडा (अफीम बनाने का कच्चा माल) बरामद किया गया है।
इन कार्रवाइयों में पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है और लाखों रुपये की नकदी सहित तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी वाहन भी जब्त किया है। पलामू की पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मनातू थाना क्षेत्र में घेराबंदी की। सोमवार-मंगलवार की देर रात करीब 12.30 बजे मनातू थाना गेट के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ग्रे रंग की महिंद्रा एक्सयूवी-500 को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसके भीतर से 216 किलोग्राम अवैध डोडा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी संजीव शर्मा और गढ़वा के कांडी निवासी निजामुद्दीन राईन को गिरफ्तार किया है। बरामद डोडा की बाजार में कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चतरा के लावालौंग और प्रतापपुर जैसे इलाकों से डोडा खरीदकर ऊंचे दामों पर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे।
वहीं, दूसरी ओर रांची पुलिस ने मंगलवार को नामकुम इलाके में एक घर पर छापेमारी कर डोडा की एक बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपने घर में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ छुपा कर रखा है। सत्यापन के बाद की गई इस कार्रवाई में करीब 500 किलोग्राम डोडा और दो लाख रुपये से अधिक की नगद राशि बरामद की गई।
पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिससे फिलहाल गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। इन दोनों ही मामलों में पुलिस अब डोडा की सप्लाई चेन और अंतरराज्यीय नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। रांची पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध कारोबार के पीछे और कौन-कौन से सफेदपोश लोग शामिल हैं। पलामू में गिरफ्तार निजामुद्दीन राईन का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीएससी

