झारखंड: कोल्हान के जंगल में मुठभेड़, एक लाख का इनामी माओवादी ढेर
चाईबासा, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले का कोल्हान रिजर्व वन क्षेत्र में बुधवार को सुरक्षा बलों और प्रतिबंधित माओवादी संगठन के बीच हुई सीधी मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया है। मारे गए नक्सली पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था।
सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से शव के साथ हथियार और कई संदिग्ध सामग्रियां भी बरामद की हैं।
सुरक्षा बलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि रूटागुटू के पहाड़ी और घने वन क्षेत्र में माओवादियों का एक दस्ता छिपा हुआ है। इस इनपुट के आधार पर कोबरा 209 बटालियन और स्थानीय पुलिस ने साझा सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
बुधवार तड़के जैसे ही जवान जंगल में आगे बढ़े, पहले से घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभाला, जिसके बाद पूरा इलाका युद्ध क्षेत्र में तब्दील हो गया।
बताया जा रहा है कि सुरक्षा बल पिछले 48 घंटों से गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बोरोई और तूनबेड़ा के आसपास सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रहे थे।
हाल ही में पूर्व माओवादी रमेश चांपिया की हत्या के बाद से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क थीं और उन्हें कुख्यात माओवादी नेता मिसिर बेसरा के दस्ते की सक्रियता की सूचना मिल रही थी।
माओवादी अब छोटे-छोटे समूहों में बंटकर छापामार रणनीति के तहत हमले करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि सुरक्षा बलों को चकमा दिया जा सके।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और ड्रोन तकनीक की मदद से जंगलों की निगरानी की जा रही है। अतिरिक्त फोर्स को मौके पर रवाना कर माओवादियों के भागने के संभावित रास्तों को सील कर दिया गया है। पुलिस अब इस अभियान के जरिए मिसिर बेसरा जैसे बड़े माओवादियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने की कोशिश में जुटी है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी

