झारखंडः कोडरमा में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पति और ससुराल के लोग फरार
कोडरमा, 29 मई (आईएएनएस)। झारखंड के कोडरमा जिला अंतर्गत डोमचांच थाना क्षेत्र के बगड़ो गांव में शुक्रवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 22 वर्षीय काजल खातून के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब दो महीने पहले आयान अंसारी के साथ हुई थी।
मृतका के मायके वालों ने उसके पति और ससुराल वालों पर काजल की हत्या का आरोप लगाते हुए जोरदार हंगामा किया। घटना के बाद से पति समेत ससुराल पक्ष के सभी सदस्य फरार हो गए हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह काजल के पति ने उसके मायके वालों को फोन कर बताया कि उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई है।
काजल के मायके के परिजन आनन-फानन में ससुराल पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि काजल का शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा हुआ है, जबकि घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। घटना की सूचना मिलते ही डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मौके पर जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही काजल को प्रताड़ित किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोडरमा एसडीपीओ प्रमोद केशरी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
उन्होंने मृतका के परिजनों से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस फरार पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। मामले को लेकर गांव और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी

