Samachar Nama
×

झारखंडः कोडरमा के जयनगर थाने में हवालात में आरोपी ने फांसी लगाकर दी जान

कोडरमा, 20 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के कोडरमा जिले के जयनगर थाने के हवालात में बंद एक आरोपी ने शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जयनगर थाना क्षेत्र के परसाबाद निवासी 40 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, विजय ने हवालात के भीतर ही कंबल का किनारा फाड़कर उसका फंदा बनाया और उससे झूल गया। आनन-फानन में उसे कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और हिरासत में मौत को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

विजय कुमार दूसरे राज्य में काम करता था और करीब दो महीने पहले ही अपने घर लौटा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विजय का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी का आरोप था कि विजय अत्यधिक शराब का सेवन करता था और अक्सर घर में मारपीट व गाली-गलौज करता था। इसी घरेलू हिंसा की शिकायत लेकर पत्नी गुरुवार को परसाबाद पुलिस पिकेट पहुंची थी।

पत्नी के आवेदन के आधार पर गुरुवार रात को ही पुलिस ने विजय को हिरासत में लिया और प्राथमिक पूछताछ के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए जयनगर थाना भेज दिया गया, जहां उसे रात भर हवालात में रखा गया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह जब पुलिसकर्मियों की नजर विजय पर पड़ी, तब तक उसकी स्थिति बेहद नाजुक हो चुकी थी। हालांकि पुलिस उसे तुरंत अस्पताल ले गई, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर संतरी की मौजूदगी में आरोपी ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम कैसे दे दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की उच्च-स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएस

Share this story

Tags