झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे नितिन नवीन, बोले- नेता प्रतिपक्ष राहुल अराजकता फैलाने की कर रहे कोशिश
रांची, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार को झारखंड के तीन दिवसीय सांगठनिक दौरे पर रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने और अराजकता को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सदन से सड़क तक अपनी बात रखने और संघर्ष करने के रास्ते मौजूद हैं, लेकिन अराजकता फैलाने की किसी भी कोशिश का विरोध किया जाएगा। नवीन शनिवार को रांची में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। बैठक में गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव सहित राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की गतिविधियों और पार्टी की आगामी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
रांची पहुंचने पर एयरपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक झारखंडी नृत्य और नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास और मधु कोड़ा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री और सांसद मौजूद रहे।
एयरपोर्ट से नवीन सीधे भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। वहां महिला मोर्चा की ओर से उनका स्वागत किया गया। उन्होंने कार्यालय परिसर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। पत्रकारों से बातचीत में नवीन ने रांची से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि यह उनका जन्मस्थान है और उन्हें यहां शिक्षा प्राप्त करने का अवसर भी मिला। उन्होंने रांची को अपना दूसरा घर बताते हुए कहा कि संगठन के कार्यक्रमों के सिलसिले में यहां आने का अवसर उन्हें उत्साहित करता है।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि नई प्रदेश टीम की घोषणा के बाद व्यापक स्वरूप में यह पहली बैठक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बैठक के जरिए झारखंड में भाजपा के कामकाज और विपक्ष के रूप में उसके संघर्ष को लेकर स्पष्ट संदेश जाएगा।
नवीन ने कहा कि भाजपा विपक्ष में रहते हुए जनता के मुद्दों को उठाने के साथ केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ राज्य के लोगों तक पहुंचाने के लिए भी काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को झारखंड में भी सेवा भाव से काम करना चाहिए।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 24 अक्टूबर से शुरू होगी। इसमें प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगे की कार्ययोजना पर विचार किया जाएगा। गिरिडीह उपचुनाव की तैयारियों के बीच इस बैठक को राज्य में भाजपा की आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक दिशा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएसएच

