झारखंड के साहिबगंज में खेत में पड़ा मिला युवक का शव, गला दबाकर हत्या का आरोप
साहिबगंज, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के साहिबगंज जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के बड़ा तालबन्ना गांव में बुधवार देर रात रात 18 वर्षीय युवक विपोल मंडल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर से कुछ दूरी पर खेत के पास पड़ा मिला। परिजनों ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
विपोल की करीब दो महीने पहले ही शादी हुई थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और गांव में भी तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, विपोल बुधवार रात करीब आठ बजे शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात करीब 12 बजे तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से कुछ दूरी पर विपोल जमीन पर मृत पड़ा मिला।
परिजनों के अनुसार, विपोल के गले पर गहरे निशान मिले हैं। इन्हीं निशानों के आधार पर गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विपोल का गांव के ही कुछ लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा था। परिजनों और स्थानीय लोगों को आशंका है कि पुरानी रंजिश के कारण वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के कारण या किसी आरोपी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलने के बाद जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय गुरुवार को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गला दबाकर हत्या का प्रतीत हो रहा है।
हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके

