Samachar Nama
×

झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार का अंतिम संस्कार दोपहर साढ़े तीन बजे, दो दिन का राजकीय शोक

झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार का अंतिम संस्कार दोपहर साढ़े तीन बजे, दो दिन का राजकीय शोक
झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार का अंतिम संस्कार दोपहर साढ़े तीन बजे, दो दिन का राजकीय शोक

रांची, 6 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू का अंतिम संस्कार रविवार को दोपहर 3.30 बजे गिरिडीह में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और पार्टी के वरिष्ठ नेता अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। राज्य सरकार ने उनके आकस्मिक निधन पर 6 और 7 सितंबर को दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है।

झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार सुबह गिरिडीह स्थित मर्सी अस्पताल में निधन हो गया। वह 56 वर्ष के थे। शनिवार देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें मर्सी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी मृत्यु हार्ट अटैक की वजह से हुई।

मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की ओर से रविवार को जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, दिवंगत मंत्री के सम्मान में 6 सितंबर और 7 सितंबर को राज्य में राजकीय शोक मनाया जाएगा। राजकीय शोक की अवधि के दौरान राज्य के उन सभी भवनों पर, जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। राजकीय शोक के दौरान राज्य में किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा।

सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि राजकीय शोक के सम्मान स्वरूप 7 सितंबर, सोमवार को राज्य सरकार के सभी कार्यालय पूरी तरह बंद रहेंगे। सरकार के आदेश की प्रतियां राज्य के सभी वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय को भेज दी गई हैं।

सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से झारखंड के राजनीतिक हलकों में शोक की लहर है। वह गिरिडीह सदर विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार विधायक थे। उन्होंने 2019 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीता था और 2024 में फिर निर्वाचित हुए। दिसंबर 2024 में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठित सरकार में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। उनके पास नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी थी।

सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव भी थे। लंबे समय से पार्टी से जुड़े सोनू को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का करीबी और भरोसेमंद राजनीतिक सहयोगी माना जाता था। उनके निधन पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और मंत्रियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम

Share this story