झारखंड के जामताड़ा में तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत
जामताड़ा, 29 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के चेगायडीह गांव में मंगलवार को तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। तीनों बच्चे दोपहर में एक साथ खेल रहे थे और खेलते-खेलते गांव के चिरकुटोला स्थित तालाब की ओर चले गए थे। कुछ देर बाद उनके डूबने की जानकारी ग्रामीणों को मिली।
ग्रामीणों ने तालाब से बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान पांच वर्षीय आर्यन अंसारी, करीब छह वर्षीय नासिर अंसारी और करीब छह वर्षीय अमर सोहेल के रूप में हुई है। आर्यन जसीमुद्दीन अंसारी, नासिर तबारक अंसारी और अमर सोहेल सजाउद्दीन अंसारी का पुत्र था। तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलने पर जामताड़ा सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। चेगायडीह में तीन बच्चों की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण उनके घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना दे रहे हैं। सितंबर में झारखंड में तालाब, नदी, चेकडैम और अन्य जलाशयों में डूबने की घटनाओं में कम से कम 15 लोगों की मौत हो चुकी है।
पलामू में करमा पूजा के दौरान 23 सितंबर को कोयल नदी में पांच लोगों की डूबने से मौत हुई थी। उसी दिन नानी झरिया में करम डाली विसर्जन के दौरान एक 16 वर्षीय किशोरी की भी डूबने से मौत हुई। यानी अकेले पलामू में उस दिन छह जानें गईं। पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में 24 सितंबर को पानी भरे गड्ढे में डूबने से सात वर्षीय गुलशन टुडू और तीन वर्षीय एंजेल टुडू की मौत हुई। इसके बाद मंझारी क्षेत्र में 35 वर्षीय शत्रुघ्न गोप की तालाब में डूबने से जान चली गई। धनबाद के बाघमारा क्षेत्र में 13 वर्षीय शीतल कुमारी की तालाब में डूबने से मौत हुई।
उसका शव करीब 20 घंटे बाद बरामद किया गया। वहीं, गुमला के सिसई क्षेत्र में 36 वर्षीय सुकरू उरांव का शव बांध में मिला। परिजनों के अनुसार वह करम पर्व के बाद ससुराल से घर लौट रहा था और रास्ते में लापता हो गया था। गोड्डा के बसंतराय क्षेत्र में भी चेकडैम में तीन बच्चों के डूबने की घटना हुई, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई और दो को बचा लिया गया।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी

