Samachar Nama
×

झारखंड के गिरिडीह में साइबर अपराधी को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर हमला, दो गिरफ्तार

गिरिडीह, 14 जून (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले में साइबर अपराध के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, पथराव और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

10 और 11 जून की दरम्यानी रात साइबर थाना की टीम को सूचना मिली थी कि साइबर अपराध से जुड़े मामले में वांछित आरोपी चुड़ामन मंडल अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव स्थित अपने घर पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में छापेमारी की और आरोपी को हिरासत में लेने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।

आरोप है कि देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की की गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया तथा सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसी दौरान आरोपी चुड़ामन मंडल भी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं। घटना के बाद अहिल्यापुर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने चिकसोरिया गांव निवासी जितन मंडल (51) और सूरज मंडल (20) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार साइबर आरोपी चुड़ामन मंडल समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में साइबर थाना, मुफस्सिल थाना और अहिल्यापुर थाना समेत कई थानों की पुलिस टीम शामिल रही।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम

Share this story

Tags