झारखंड के गढ़वा में डायन बताकर महिला को उबलते पानी से झुलसाने की घटना पर एनएचआरसी ने लिया संज्ञान
नई दिल्ली, 27 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने झारखंड के गढ़वा जिले के भोजपुर गांव में एक महिला पर डायन बताकर हमला करने के बाद उसे 40 प्रतिशत तक झुलसा देने वाली मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है। बताया जाता है कि उसी गांव के रहने वाले हमलावर ने हमले के दौरान पीड़िता पर उबलता पानी डाला था।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने पाया है कि अगर समाचार में दी गई जानकारी सही है, तो यह मानवाधिकार उल्लंघन का गंभीर मामला है। आयोग ने गढ़वा जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में पीड़िता के स्वास्थ्य की स्थिति और उसे दिए गए मुआवजे (यदि कोई हो) का विवरण शामिल होना चाहिए।
24 अगस्त 2026 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था और जांच जारी है।
इसके अलावा, एनएचआरसी ने हरियाणा के पानीपत स्थित सरकारी अस्पताल में 16 अगस्त को एक नैदानिक परीक्षण के दौरान दुष्कर्म की शिकार हुई 57 वर्षीय महिला की मृत्यु से संबंधित मीडिया रिपोर्ट पर स्वतः संज्ञान लिया। 18 अगस्त को रोहतक स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा विज्ञान संस्थान में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
आयोग ने माना है कि यदि समाचार में उल्लिखित तथ्य सत्य हैं तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मुद्दा है। अतः आयोग ने हरियाणा के मुख्य सचिव और पानीपत के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
आयोग के अनुसार, 19 अगस्त प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गंभीर रूप से बीमार रोगी को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक्स-रे और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी। सीटी स्कैन कक्ष के अंदर मशीन ऑपरेटर ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और उसे धमकी दी कि वह इस घटना का खुलासा किसी से नहीं करेगी।
--आईएएनएस
डीसीएच/

