झारखंडः जेपीएससी परीक्षा गड़बड़ी मामले में पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांगते को सीआईडी का समन, 28 जुलाई को होगी पूछताछ
रांची, 27 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी ने आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांगते को नोटिस जारी कर 28 जुलाई को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
जांच एजेंसी भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उनसे पूछताछ करेगी। इस बीच एल ख्यांगते ने कहा कि वे जांच कर रही एजेंसी को पूरा सहयोग करेंगे। तीन दिन पहले सीआईडी ने ख्यांगते के कांके रोड स्थित सरकारी आवास और जेपीएससी कार्यालय में उनके कक्ष की तलाशी ली थी। करीब पांच घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने कई दस्तावेजों की जांच की थी और उनसे प्रारंभिक पूछताछ भी की थी।
इसी क्रम में परीक्षा संचालन एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के कार्यालय में भी छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान सीआईडी ने जेपीएससी कार्यालय से भर्ती परीक्षाओं से जुड़े दस्तावेज, ओएमआर शीट और कंप्यूटरों से डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। वहीं, टीडीपीएल के कार्यालय से भी परीक्षा संचालन से संबंधित कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए गए हैं। मामले में अब तक सीआईडी आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
गिरफ्तार आरोपियों में जेपीएससी की तत्कालीन उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता तथा टीडीपीएल के निदेशक रामवीर सिंह, मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी समेत कंपनी के अन्य कर्मचारी शामिल हैं। जांच के दौरान अभय तिवारी के करीबी अरविंद मंडल को भी गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट से गिरफ्तार किया गया था।
एल ख्यांगते ने 6 मार्च 2025 को जेपीएससी अध्यक्ष का पदभार संभाला था। इसके पहले वह झारखंड सरकार के मुख्य सचिव भी रहे थे। सीआईडी की छापेमारी के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। अब मंगलवार को होने वाली पूछताछ को मामले की जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी

