झारखंड: हजारीबाग में बच्ची की हत्या, घर से मंगला जुलूस देखने निकली थी
हजारीबाग, 25 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिला अंतर्गत विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में 11 साल की बच्ची की हत्या की जघन्य वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहले उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से पत्थर से कूचकर व गला दबाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
बुधवार को गांव से करीब 500 मीटर दूर बांस की झाड़ियों के पास मासूम का क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। सूचना मिलते ही विष्णुगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मंगलवार की शाम गांव में रामनवमी महापर्व के उपलक्ष्य में मंगला जुलूस निकाला गया था। बच्ची भी जुलूस देखने गई थी, लेकिन जब वह रात आठ बजे तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। रात भर गांव और आसपास के इलाकों में तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार को ग्रामीण ने झाड़ियों के पास बच्ची का शव देखा। शव की स्थिति इतनी भयावह थी कि उसके चेहरे को भारी पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया गया था। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने यह आशंका जताई है कि हत्या के पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
वारदात के बाद गांव में मातम और तनाव का माहौल है। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया है, वहीं स्थानीय ग्रामीण दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
विष्णुगढ़ थाना प्रभारी सपन कुमार महथा ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आरोपियों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएसएच

