Samachar Nama
×

झारखंड : हजारीबाग में रिटायर शिक्षक को गोली मारी, हालत गंभीर

झारखंड : हजारीबाग में रिटायर शिक्षक को गोली मारी, हालत गंभीर
झारखंड : हजारीबाग में रिटायर शिक्षक को गोली मारी, हालत गंभीर

हजारीबाग, 6 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले में रविवार को एक सेवानिवृत्त शिक्षक रामजय महतो को अज्ञात बाइक सवार ने गोली मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, रामजय महथा रविवार को सूर्यपूरा मेडिकल चौक के पास एक सैलून में दाढ़ी बनवाने गए थे। इसके बाद वह पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए एक व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद वह घायल होकर गिर पड़े, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल शिक्षक को तत्काल हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर हमलावर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है। फिलहाल गोली चलाने के कारण और घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर बरही के एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर और इंस्पेक्टर अनिल कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, घायल की स्थिति स्थिर होने पर उनसे बयान लिया जाएगा। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावर की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

--आईएएनएस

एसएनसी/

Share this story

Tags