Samachar Nama
×

झारखंड: गिरिडीह में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो की हत्या, जंगल में मिली अधजली लाश

गिरिडीह, 21 फरवरी (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले में दिनदहाड़े एक नेता की हत्या कर दी गई। पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष और झामुमो के कद्दावर नेता राकेश महतो की बेरहमी से हत्या की गई है। महतो की अधजली लाश शनिवार को जंगल में मिली है। इस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।

निमियाघाट थाने की पुलिस के मुताबिक, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष राकेश महतो का अधजला शव निमियाघाट थाना इलाके के खांखी जंगल में मिला है। हत्या से पहले राकेश के साथ मारपीट करने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद शव को पेड़ के पत्तों से जलाने का प्रयास भी किया गया है। राकेश की लाश के पास बाइक खड़ी थी और चाभी एवं कुछ कागज के टुकड़े पड़े मिले हैं। घटना की सूचना पर डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार के साथ निमियाघाट एवं डुमरी पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुटी है।

एसपी डॉ. बिमल कुमार ने एसडीपीओ डुमरी को मामले की जांच तुरंत करते हुए दोषियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि राकेश महतो की हत्या की गई है। उनकी लाश खांखी के जंगल में मिली है। मामले की जांच चल रही है। हत्या का जल्द से जल्द खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बता दें कि राकेश महतो डुमरी क्षेत्र में राजनीतिक छवि के रूप में जाने जाते थे। राकेश महतो जिला परिषद का चुनाव जीतने के बाद वर्ष 2016 में जिला परिषद के अध्यक्ष भी बने थे। लोकप्रिय नेता राकेश महतो की हत्या से क्षेत्र में मातम के साथ गुस्सा भी देखा जा रहा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में त्वरित कार्रवाई करे।

--आईएएनएस

ओमप्रकाश/डीकेपी

Share this story

Tags