झारखंड : गिरिडीह में घर में घुसकर युवक की हत्या, महिला गंभीर रूप से घायल
गिरिडीह, 3 जून (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। इस हमले में मारे गए शख्स की पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
घटना मधुबन थाना क्षेत्र की छछंदो पंचायत स्थित तिरिलटांड गांव की है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय पतिया हांसदा के रूप में हुई है। वह मंगलवार रात अपने घर में मौजूद थे, तभी देर रात अज्ञात हमलावर वहां पहुंच गए और उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में पतिया हांसदा की मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची परणी देवी भी हमलावरों के निशाने पर आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों को खून से लथपथ हालत में पाया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर डुमरी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आबिद खान और मधुबन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घायल महिला को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मृतक के परिजनों के अनुसार, वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था और किसी बड़े विवाद की जानकारी नहीं है।
एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि मामला हत्या का है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद गांव में भय और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके

