झारखंडः गिरिडीह में दो दिन से लापता छात्रा का शव नदी किनारे मिला, जांच में जुटी पुलिस
गिरिडीह, 21 मई (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले में दो दिनों से लापता 11वीं की छात्रा पायल कुमारी का शव बुधवार को उसरी नदी के किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिरसिया निवासी पायल कुमारी पायल सोमवार सुबह घर से निकली थी। परिजनों के अनुसार, वह पढ़ाई के साथ-साथ सिलाई का प्रशिक्षण लेती थी और बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती थी। परिजनों को उसने बताया था कि वह ट्यूशन और सिलाई प्रशिक्षण के लिए जा रही है।
परिवार वालों के मुताबिक, वह रोज दोपहर तक घर लौट आती थी, लेकिन सोमवार को देर होने के बाद परिजनों ने उसे फोन किया। परिजनों का कहना है कि दोपहर में पायल ने फोन पर बताया था कि वह ब्लॉक से निकल रही है और जल्द घर पहुंच जाएगी। इसके कुछ देर बाद जब दोबारा संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने छात्रा के मोबाइल कॉल डिटेल की जांच शुरू की और उसकी सहेलियों तथा परिचितों से भी पूछताछ की। इसी बीच बुधवार सुबह बरगंडा पुराने पुल के पास उसरी नदी के किनारे एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान पायल कुमारी के रूप में की।
शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के चचेरे भाई पिंटू कुमार दास ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव और पुलिस अधिकारी विवेक माधुरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसडीपीओ ने कहा कि छात्रा के लापता होने की सूचना पहले से दर्ज थी और अब उसका शव बरामद हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएस

