Samachar Nama
×

झारखंड : देवघर में युवक की गोली मारकर हत्या, सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश

झारखंड : देवघर में युवक की गोली मारकर हत्या, सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश
झारखंड : देवघर में युवक की गोली मारकर हत्या, सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश

देवघर, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के देवघर जिले में नगर थाना क्षेत्र के रांगा मोड़ के पास सोमवार देर रात गोली लगने से घायल एक युवक की मौत हो गई। एक युवक उसे बुलेट मोटरसाइकिल पर जख्मी हालत में लेकर सदर अस्पताल पहुंचा था। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

शुरुआती जांच में युवक के शरीर पर गोली लगने के निशान मिलने के बाद मामला सामने आया। पुलिस अब घटना की परिस्थितियों और अस्पताल पहुंचाने वाले युवक की भूमिका की जांच कर रही है। मृतक की पहचान बिहार के बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र स्थित गोडियारी गांव निवासी 27 वर्षीय रोशन कुमार के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात एक युवक बुलेट मोटरसाइकिल पर रोशन को लेकर देवघर सदर अस्पताल पहुंचा। उसने अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों को बताया कि रोशन सड़क दुर्घटना में घायल हुआ है। हालांकि, ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने जब घायल की गंभीर स्थिति और चोटों की जांच की, तो उसके शरीर पर गोली लगने के निशान मिले।

डॉक्टर के अनुसार, रोशन की आंख के पास और सिर के पिछले हिस्से में गंभीर घाव थे। चोटों की प्रकृति से मामला सड़क दुर्घटना का नहीं, बल्कि गोली लगने का प्रतीत होने पर अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। बैद्यनाथधाम ओपी और नगर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस अब उस युवक की पहचान और तलाश में जुटी है, जो रोशन को अस्पताल लेकर पहुंचा था। साथ ही, उसके साथ इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि रोशन को गोली मारे जाने की जगह, समय और घटना से जुड़े लोगों का पता लगाया जा सके।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रोशन कुमार को किसने और किस वजह से गोली मारी। पुलिस हत्या के संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

--आईएएनएस

एसएनसी/वीकेयू

Share this story

Tags