Samachar Nama
×

झारखंडः चुटुपालू और चरही घाटी में ब्लैक स्पॉट सुधार के लिए केंद्र ने मंजूर की 239.40 करोड़ रुपए की परियोजना

झारखंडः चुटुपालू और चरही घाटी में ब्लैक स्पॉट सुधार के लिए केंद्र ने मंजूर की 239.40 करोड़ रुपए की परियोजना
झारखंडः चुटुपालू और चरही घाटी में ब्लैक स्पॉट सुधार के लिए केंद्र ने मंजूर की 239.40 करोड़ रुपए की परियोजना

रांची, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के चुटुपालू और चरही घाटी में दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) के सुधार और सड़क सुरक्षा उपायों के लिए केंद्र सरकार ने 239.40 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। केंद्र सरकार में रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि उनकी पहल पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है।

सेठ के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (नया एनएच-20) के चुटुपालू और चरही घाटी क्षेत्र में कुल 5.99 किलोमीटर सड़क का सुधार किया जाएगा। परियोजना के तहत दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। रांची-पटना रोड पर स्थित इन घाटी क्षेत्रों में लगातार होने वाले सड़क हादसे चिंता का विषय हैं।

सेठ ने कहा कि नई परियोजना की स्वीकृति से इन दोनों घाटी क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यात्रियों का सफर सुरक्षित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। संजय सेठ ने कहा कि चुटुपालू और चरही घाटी में लगातार सड़क दुर्घटनाओं की समस्या को देखते हुए उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के समक्ष इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। मंत्रालय ने दोनों घाटी क्षेत्र में सर्वे कराया। इसके बाद परियोजना को मंजूरी दी गई है।

उन्होंने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार जताया। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में सड़क अवसंरचना के विकास के साथ सड़क सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

चुटुपालू और चरही घाटी के पहाड़ी एवं घुमावदार रास्तों पर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में ब्लैक स्पॉट का सुधार और सुरक्षा उपायों को मजबूत करना सड़क हादसों में कमी लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। हालांकि, परियोजना के तहत होने वाले कार्यों की विस्तृत रूपरेखा और निर्माण शुरू होने की समयसीमा की जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Share this story

Tags