Samachar Nama
×

झारखंड: चक्रधरपुर में महिला पर्यवेक्षिका की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी प्रेमी मौके से पकड़ा गया

झारखंड: चक्रधरपुर में महिला पर्यवेक्षिका की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी प्रेमी मौके से पकड़ा गया
झारखंड: चक्रधरपुर में महिला पर्यवेक्षिका की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी प्रेमी मौके से पकड़ा गया

चाईबासा, 17 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में गुरुवार दोपहर अनिता बिंद नामक युवती की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद भाग रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में खुद को मृतका का प्रेमी बताया है। अनिता बिंद पश्चिमी सिंहभूम के सोनुआ प्रखंड में महिला पर्यवेक्षिका के तौर पर पदस्थापित थीं। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं और करीब 15 दिन से चक्रधरपुर के शीतला मंदिर ग्वाला पट्टी, वार्ड संख्या सात में संजय साव के मकान में बतौर किराएदार रह रही थीं।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब दो बजे अनिल कुमार नामक युवक अनिता से मिलने उनके कमरे पर पहुंचा था। कुछ देर बाद मकान के ऊपरी हिस्से से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। इसी बीच युवक को मकान से निकलकर भागते देख आसपास के लोगों ने उसका पीछा किया और पकड़ लिया।

पड़ोसियों के कमरे में पहुंचने पर अनिता खून से लथपथ गंभीर हालत में मिलीं। उनके शरीर पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान थे। सूचना मिलने पर चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार बिंद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मृतका और आरोपी दोनों के उत्तर प्रदेश का निवासी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में इस्तेमाल हथियार का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जाएगा। पुलिस मृतका और आरोपी के बीच संबंध तथा हत्या के पीछे की वजह की भी जांच कर रही है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Share this story

Tags