Samachar Nama
×

झारखंडः बोकारो में भीषण आग से कई दुकानें खाक, दो लोग झुलसकर हुए घायल

बोकारो, 3 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित सिवनडीह आजाद नगर इलाके में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से कई दुकानें जलकर खाक हो गईं। इस दौरान दो लोग झुलस गए, जिनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत एक टेंट हाउस के गोदाम से हुई, जहां बड़ी संख्या में रसोई गैस सिलेंडर रखे गए थे।

आशंका जताई जा रही है कि सिलेंडर रिफिलिंग के दौरान हुए विस्फोट के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम करीब छह बजे गोदाम के भीतर अचानक धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके तुरंत बाद एक के बाद एक कई सिलेंडर फटने लगे, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। आग की ऊंची लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं और आसपास अफरातफरी का माहौल बन गया। गोदाम से सटी 10-12 दुकानों तक आग तेजी से फैल गई, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

सूचना मिलते ही माराफारी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया। हालात की गंभीरता को देखते हुए आसपास के मकानों को भी एहतियातन खाली कराया गया। दमकल विभाग की छह गाड़ियां घटनास्थल पर तैनात की गईं।

लगातार हो रहे सिलेंडर विस्फोट के बीच अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में दो लोग झुलसकर घायल हो गए। दोनों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि गोदाम में टेंट सामग्री के साथ गैस सिलेंडर रिफिलिंग का काम भी किया जाता था। माराफारी थाना प्रभारी मोहम्मद आजाद खान ने बताया कि नुकसान का आकलन फिलहाल नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएसएच

Share this story

Tags