Samachar Nama
×

झारखंड: बहरागोड़ा में दिनदहाड़े बैंक डकैती, हथियारों के बल पर 15 लाख रुपए की लूट

जमशेदपुर, 10 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा स्थित साकरा इलाके में मंगलवार को हथियारों से लैस अपराधियों ने बैंक लूट की बड़ी वारदात अंजाम दी है।
झारखंड: बहरागोड़ा में दिनदहाड़े बैंक डकैती, हथियारों के बल पर 15 लाख रुपए की लूट

जमशेदपुर, 10 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा स्थित साकरा इलाके में मंगलवार को हथियारों से लैस अपराधियों ने बैंक लूट की बड़ी वारदात अंजाम दी है।

साकरा चौक स्थित केनरा बैंक की शाखा में घुस आए पांच-छह नकाबपोश बदमाशों ने करीब 15 मिनट तक आतंक मचाया और देसी कट्टा व धारदार हथियार दिखाकर बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया। लुटेरे बैंक से करीब 15 लाख रुपए नकद और सहायक प्रबंधक के सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए। जाते-जाते अपराधियों ने बैंक का मुख्य गेट बाहर से बंद कर दिया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला काटा और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।

बताया गया कि घटना दोपहर करीब दो बजे की है, जब तीन बाइकों पर सवार होकर अपराधी बैंक पहुंचे। इनमें से चार अपराधी सीधे बैंक के भीतर घुसे, जबकि दो बाहर निगरानी कर रहे थे। अंदर घुसते ही बदमाशों ने ग्राहकों और बैंक कर्मियों के मोबाइल फोन छीन लिए ताकि कोई बाहर सूचना न दे सके। सहायक शाखा प्रबंधक सौरभ वर्मा को हथियार का भय दिखाकर बदमाशों ने लॉकर खोलने को कहा, लेकिन ग्रामीण शाखा होने के कारण वहां लॉकर की सुविधा नहीं थी।

इससे झल्लाए अपराधियों ने वर्मा के गले से सोने की चेन और अंगूठी भी लूट ली। इसके बाद बदमाशों ने कैश काउंटर और कैश रूम में रखे करीब 15 लाख रुपये एक बैग में भर लिए। बताया गया कि लुटेरे आपस में बांग्ला भाषा में बात कर रहे थे, जबकि कर्मचारियों को हिंदी में धमका रहे थे। लूट के बाद उन्होंने सभी के मोबाइल पास के खेतों में फेंक दिए।

अपराधी बैंक में लगे इंटरनेट के बॉक्स को हार्ड डिस्क समझकर उठा ले गए, जबकि शाखा प्रबंधक नानाजी राव ने चतुराई दिखाते हुए हार्ड डिस्क को सुरक्षित बचा लिया। अपराधियों के भागने के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर घाटशिला डीएसपी अजीत कुमार कुजूर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Share this story

Tags