झंडेवालान मंदिर में खेत्री विसर्जन के साथ संपन्न हुए नवरात्र अनुष्ठान, ट्रस्टी रवींद्र गोयल ने लोगों से की खास अपील
नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली के प्रसिद्ध झंडेवालान मंदिर में विजयादशमी के अवसर पर नवरात्र अनुष्ठान का विधिवत समापन हुआ। मंदिर के ट्रस्टी रवींद्र गोयल ने घटस्थापना और पवित्र जौ की कोंपलों (खेत्री) के विसर्जन को लेकर लोगों से खास अपील की।
रवींद्र गोयल ने कहा कि नवरात्र संपन्न हो गए हैं। आज विजयादशमी के दिन मंदिर में खेत्री पूजन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ है। इससे पहले नौ दिनों तक झंडेवालान मंदिर में मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि कल अष्टमी-नवमी थी। मंदिर में भव्य कन्या पूजन का आयोजन किया गया। पूरे दिन से लेकर देर रात तक बड़ी संख्या में भक्तों का आना-जाना लगा रहा। मंदिर में अष्टमी की रात भव्य जागरण का भी आयोजन किया गया, जो सुबह चार बजे संपन्न हुआ। इसके बाद भी बड़ी संख्या में भक्त मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
नवरात्र के दौरान मंदिर में रखे गए जौ के बीजों के पूजन और विसर्जन की परंपरा के बारे में उन्होंने कहा कि नौ दिनों से मंदिर में बोए गए बीजों का विधिवत पूजन कर आज उनका विसर्जन किया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपने घरों में उगाई गई जौ (खेत्री) को इधर-उधर न फेंके, बल्कि मंदिर में लाकर जमा करें, ताकि मंदिर प्रशासन द्वारा उसका विधिवत विसर्जन किया जा सके।
अंत में देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए रवींद्र गोयल ने कहा, "सभी देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं। हमारा देश सुरक्षित और सफल रहे, सभी के घरों में सुख-समृद्धि आए। देश के सामने जो भी संकट हैं, भगवान राम उन पर विजय पाने की शक्ति दें। सभी सुखी रहें, इसी कामना के साथ मैं अपनी ओर से और झंडेवालान मंदिर की ओर से सभी को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।"
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस

