जेवर सड़क हादसा: तीन राहगीरों को कुचलने वाला स्कॉर्पियो चालक गिरफ्तार, घटना में इस्तेमाल कार बरामद
ग्रेटर नोएडा, 9 जुलाई (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर के जेवर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन युवकों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से कुचलकर मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हादसे में इस्तेमाल स्कॉर्पियो कार भी बरामद कर ली है।
यह दर्दनाक हादसा 8 जुलाई की रात जेवर-खुर्जा मार्ग पर नीमका गांव के सामने हुआ था। पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई की रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान करन (22 वर्ष), विश्वजीत (24 वर्ष) और मिथुन (25 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बिहार के अररिया जिले के निवासी थे और गौतमबुद्ध नगर क्षेत्र में धान रोपाई का काम करने आए थे। काम से लौटते समय वे सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर जेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना जेवर में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मैनुअल इंटेलिजेंस के साथ-साथ गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की।
पुलिस जांच के बाद 9 जुलाई को जेवर थाना पुलिस ने आरोपी दीपांशु पुत्र राम कुमार, निवासी ग्राम दस्तमपुर, थाना जेवर, गौतमबुद्ध नगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र करीब 32 वर्ष बताई गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। रोजी-रोटी कमाने के लिए बिहार से गौतमबुद्ध नगर आए तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

