जेवर एयरपोर्ट की नींव बसपा सरकार में पड़ी, कांग्रेस के कारण हुई देरी: मायावती
लखनऊ, 29 मार्च (आईएएनएस)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना की रूपरेखा और बुनियादी काम उनकी सरकार में ही शुरू हो चुके थे, लेकिन केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कारण इसमें देरी हुई।
बसपा मुखिया मायावती ने आज सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि काफी लम्बे इंतज़ार के बाद जेवर में नोएडा इण्टरनेशनल हवाई अड्डा के प्रथम चरण का कल उद्घाटन हुआ, जबकि इसकी रूपरेखा ही नहीं बल्कि इसके सभी ज़रूरी बुनियादी कार्य बी.एस.पी. की मेरी सरकार में ही शुरू हो गये थे।
उन्होंने आगे लिखा कि इतना ही नहीं, बल्कि उस समय केंद्र में रही कांग्रेस की सरकार अगर रोड़ा नहीं अटकाती तो विकास का यह कार्य, यमुना एक्सप्रेसवे आदि की तरह, काफी पहले मेरी सरकार में ही पूरा हो गया होता। मायावती ने कहा कि जहां तक सपा सरकार का सवाल है तो इनका ज़्यादातर समय उत्तर प्रदेश की ग़रीबी व पिछड़ेपन आदि को दूर करने हेतु विकास के ठोस कार्य करने के बजाय, ख़ासकर बी.एस.पी. सरकार द्वारा समाज के कमज़ोर तबक़ों के हित, कल्याण व उनके उत्थान हेतु लिये गये ऐतिहासिक फैसलों व किये गये महत्वपूर्ण कार्यों को निष्क्रिय बनाने के साथ-साथ बहुजन समाज में जन्मे महान संतों, गुरुओं व महापुरुषों के आदर-सम्मान में निर्मित शिक्षण व मेडिकल संस्थानों व ज़िला आदि का नाम बदलने व उनके नाम पर बने स्थलों, स्मारकों, एवं पार्कों आदि की अनदेखी व उपेक्षा करने के नकारात्मक, जातिवादी व राजनीतिक द्वेष में ही ज़्यादातर समय लगी रही, जो किसी से भी छिपा हुआ नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि अतः इन सबके मद्देनज़र यूपी की जनता से अपील है कि वे विरोधी पार्टियों की छलावापूर्ण राजनीति व बहकावे में ना आकर बी.एस.पी. के ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की नीति व सिद्धान्त में विश्वास रखते हुए अपने व प्रदेश के विकास हेतु बी.एस.पी. के आयरन नेतृत्व पर ही भरोसा करें।
बसपा प्रमुख ने कहा कि इसके साथ ही, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट की अलग से बेंच व उनके लिए अलग से प्रदेश बनाने का सपना ना जाने कब पूरा होगा? बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर में 11,282 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले फेज का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश अब 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य बन गया है। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ राज्यपाल, कई केंद्रीय और राज्य मंत्री भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे।
--आईएएनएस
विकेटी/डीएससी

