Samachar Nama
×

पटना : जीविका दीदियों ने कहा, ‘योजना ने बदली जिंदगी, बनाया आत्मनिर्भर'

पटना : जीविका दीदियों ने कहा, ‘योजना ने बदली जिंदगी, बनाया आत्मनिर्भर'
पटना : जीविका दीदियों ने कहा, ‘योजना ने बदली जिंदगी, बनाया आत्मनिर्भर'

पटना, 27 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार में आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे जीविका योजना को लेकर महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि जीविका से जुड़ने के बाद उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर मिला है।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को पटना में 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियां भी शामिल हुईं।

सीएम चौधरी ने कहा कि एक महिला का आत्मविश्वास बढ़ता है तो एक परिवार बदलता है। लाखों बहनों का आत्मविश्वास बढ़ता है तो यह बिहार बदलता है और यह बिहार इसलिए बदला क्योंकि 2006 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतिश कुमार, तत्कालीन वित्त मंत्री सुशील मोदी और कई वरिष्ठ साथियों ने बिहार बदलने की पूरी कल्पना की। 2005 से पहले बिहार में महिलाएं उद्योग से नहीं जुड़ीं और महिलाओं का बिहार में अर्थव्यवस्था से कोई लेना-देना नहीं था। लेकिन, आज हमें गर्व है कि 2005-06 में जो अभियान शुरू हुआ और जीविका का नाम दिया गया, आज बताते हुए खुशी हो रही है कि सिर्फ जीविका बहनों ने पूरे बिहार की अर्थव्यवस्था में 1 लाख 46 हजार करोड़ का पूरी तरह मार्केट देने का काम किया है।

जीविका से जुड़ी मंजू देवी ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस योजना से जुड़ने के बाद वह अपने बच्चों की बेहतर पढ़ाई करा रही हैं।

उन्होंने बताया कि जीविका से जुड़कर ऋण लिया और दूध उत्पादन सहित अन्य छोटे व्यवसाय शुरू किए। कारोबार शुरू करने के बाद उनकी आमदनी में बढ़ोतरी हुई और परिवार की आर्थिक स्थिति पहले के मुकाबले काफी बेहतर हुई है। उन्होंने बताया कि उनके समूह से बड़ी संख्या में महिलाएं जुड़ी हैं और कई महिलाएं अलग-अलग तरह के रोजगार कर रही हैं।

उन्होंने अन्य महिलाओं से भी जीविका से जुड़ने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि जीविका के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ने और काम करने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि वह कृषि विभाग से जुड़कर किसानों को कृषि से जुड़ी विभिन्न जानकारियां देती हैं। कृषि क्षेत्र में 500 से अधिक महिलाएं जीविका से जुड़ी हैं। कई महिलाएं नर्सरी लगाने और अन्य कृषि आधारित गतिविधियों के जरिए अपना रोजगार चला रही हैं। महिलाओं को खुद पर भरोसा रखना चाहिए और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं से जीविका से जुड़ने की अपील की।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम

Share this story