Samachar Nama
×

जीत के अलावा कोई नतीजा स्वीकार नहीं, आईएसएल में मोहन बागान के ओपनिंग मैच से पहले बोले डिल्म्पेरिस

जीत के अलावा कोई नतीजा स्वीकार नहीं, आईएसएल में मोहन बागान के ओपनिंग मैच से पहले बोले डिल्म्पेरिस
जीत के अलावा कोई नतीजा स्वीकार नहीं, आईएसएल में मोहन बागान के ओपनिंग मैच से पहले बोले डिल्म्पेरिस

गुवाहाटी, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। मोहन बागान सुपर जाइंट फुटबॉल क्लब के हेड कोच पैनागियोटिस डिल्म्पेरिस ने कहा कि उनकी टीम को नए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) सीजन में ज्यादा आक्रामकता और जोश के साथ खेलना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जीत ही एकमात्र स्वीकार्य नतीजा है।

मोहन बागान 12 अक्टूबर को इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड का सामना करेगा और अपने अभियान की शुरुआत 'अवे मैच' (विपक्षी टीम के मैदान पर होने वाले मैच) से करेगा। कोलकाता की टीम के लिए लगातार दो 'अवे मैचों' में से यह पहला मुकाबला होगा। इस टीम का सामना इस सीजन में डूरंड कप में भी गुवाहाटी की टीम से हो चुका है।

डिल्म्पेरिस का मानना ​​है कि प्री-सीजन के दौरान कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से खिलाड़ियों को टैक्टिकल फ्लेक्सिबिलिटी (रणनीति में लचीलापन) विकसित करने और आईएसएल अभियान से पहले मैच का जरूरी अनुभव हासिल करने में मदद मिली है। मोहन बागान सुपर जाइंट के हेड कोच पैनागियोटिस डिल्म्पेरिस ने बताया कि प्री-सीजन के दौरान टीम ने दो अलग-अलग फॉर्मेशन पर काम किया और खिलाड़ी अब दोनों रणनीतियों के साथ सहज हैं।

डिल्म्पेरिस ने कहा, "हम दो तरह के फॉर्मेशन पर काम कर पाए। हमने 3-4-3 और 4-2-3-1 फॉर्मेशन में खेला। अब खिलाड़ी दोनों सिस्टम को समझ चुके हैं, जिससे हम अलग-अलग मैचों में या मैच के दौरान जरूरत के मुताबिक बदलाव कर सकते हैं।"

उन्होंने बताया कि तैयारी के दौरान अधिकांश खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिला, जिससे टीम को अपनी ताकत और कमजोरियों को समझने में मदद मिली। कोच ने माना कि यह दौर काफी दबाव भरा था क्योंकि क्लब का लक्ष्य खिताब जीतना है, लेकिन पूरी प्रक्रिया टीम के लिए फायदेमंद साबित हुई।

नए आईएसएल सीजन को लेकर अपनी उम्मीदों पर बात करते हुए डिल्म्पेरिस ने कहा कि वह चाहते हैं कि मोहन बागान अधिक आक्रामक फुटबॉल खेले। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पूरे 90 मिनट तक उसी तीव्रता और गति को बनाए रखने के लिए टीम को थोड़ा समय लग सकता है। कोच का मानना है कि टीम सही दिशा में आगे बढ़ रही है और समय के साथ खिलाड़ी उनकी खेल शैली को और बेहतर तरीके से अपनाएंगे।

उन्होंने कहा, "मैं मैदान पर ऐसी टीम देखना चाहूंगा जो थोड़ी अधिक आक्रामक और ज्यादा जोश के साथ खेले। यह सच है कि प्री-सीजन की वजह से हम एक ही मैच में लंबे समय तक ऐसा करने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं। हमें जीतना ही है। इसके अलावा कोई और नतीजा नहीं हो सकता।"

मोहन बागान एक व्यस्त प्री-सीजन के बाद नए सीजन में उतर रहा है। इस दौरान टीम ने आईएफए शील्ड और दूसरे टूर्नामेंट जीते, जिससे लीग से पहले टीम को एक मजबूत आधार मिला। फॉरवर्ड खिलाड़ी ली हैरी इरविन ने भी टीम के माहौल और तैयारी पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि सीजन के दौरान आई चुनौतियों ने टीम के आपसी तालमेल को और मजबूत किया है। इरविन ने कहा, "टीम का माहौल बहुत अच्छा है, खासकर तब जब सीजन में कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा हो। ट्रेनिंग के दौरान भी यह दिखता है। सब लोग खुशी-खुशी साथ हैं। हमने दो ट्रॉफियां भी जीती हैं। इस सफलता को आगे बढ़ाना अच्छा रहेगा, यह एक अच्छा आधार है।"

--आईएएनएस

एसएम/वीसी

Share this story

Tags