जेबी माथेर का पिनाराई विजयन पर तंज, 'फोटो लगाने से नहीं मिलती जीत, काम जरूरी'
तिरुवनंतपुरम, 5 मई (आईएएनएस)। केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की जीत के बाद पार्टी नेताओं में उत्साह का माहौल है। कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि केरल की जनता ने यूडीएफ को एक शानदार जनादेश दिया है।
कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "अब पार्टी की जिम्मेदारी है कि वह अपने वादों और गारंटियों को पूरा करे तथा राज्य के समग्र विकास को सुनिश्चित करे। यह जीत कई कारणों का परिणाम है, जिनमें सत्ता-विरोधी लहर एक प्रमुख फैक्टर रहा।"
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की मौजूदा सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ा। माथेर ने मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल प्रचार और छवि निर्माण से विकास नहीं होता, बल्कि जमीनी काम ही असली फर्क पैदा करता है। जनता अब दिखावे और प्रचार से आगे बढ़कर वास्तविक काम को महत्व दे रही है। सरकारी योजनाओं के प्रचार के लिए बसों या सार्वजनिक स्थानों पर तस्वीरें लगाने से लोगों का भरोसा नहीं जीता जा सकता। जनता ने इस बार ठोस काम और बेहतर शासन के पक्ष में मतदान किया है।
मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर जेबी माथेर ने कहा कि पार्टी के पास अनुभवी और सक्षम नेताओं की कमी नहीं है। जल्द ही विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें इस पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। पार्टी के भीतर लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन किया जाएगा और जो भी निर्णय लिया जाएगा, उसे सभी नेता और कार्यकर्ता स्वीकार करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह जीत लंबे समय से इंतजार का परिणाम है और अब पार्टी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जनता की सेवा करने के लिए तैयार है।
वहीं, कांग्रेस पार्टी के पर्यवेक्षक मुख्यमंत्री के चयन को लेकर कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक आयोजित कराएंगे। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में फिलहाल तीन बड़े नाम सबसे आगे हैं, जिसमें केसी वेणुगोपाल, वी.डी. सतीशन और रमेश चेन्निथला शामिल हैं।
--आईएएनएस
एसएके/एबीएम

