जय शाह विंबलडन फाइनल देखने पहुंचे, जॉन मैकेनरो से हुई मुलाकात
नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह रविवार को विंबलडन फाइनल देखने पहुंचे, जहां उन्होंने दिग्गज अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी जॉन मैकेनरो से मुलाकात की। शाह ने सोशल मीडिया पर मैकेनरो के साथ तस्वीरें शेयर करते हुए उनकी उपलब्धियों को याद किया।
जय शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "विंबलडन फाइनल के दौरान टेनिस के दिग्गज जॉन मैकेनरो से मिलना सम्मान की बात रही। वे खेल की ऐसी हस्ती हैं जिनके जुनून, व्यक्तित्व और उपलब्धियों ने टेनिस की दुनिया पर गहरी छाप छोड़ी है। खेल के इस सच्चे दिग्गज के साथ कुछ पल बिताना बहुत अच्छा लगा।"
अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी ने 1970 के दशक के उत्तरार्ध और 80 के दशक में एक प्रमुख प्रतियोगी के रूप में अपनी पहचान बनाई थी। जॉन मैकेनरो ने अपने करियर में 7 एकल ग्रैंड स्लैम खिताब जीते, जिनमें 3 विंबलडन और 4 यूएस ओपन खिताब शामिल हैं। वहीं, 9 युगल स्लैम खिताब (5 विंबलडन और 4 यूएस ओपन) भी उनके नाम रहे।
एटीपी रैंकिंग में 170 सप्ताह तक नंबर-1 रहने वाले मैकेनरो टेनिस इतिहास के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जो एकल और युगल श्रेणी में एक साथ वर्ल्ड नंबर-1 रहे। उन्होंने साल 1984 में 82 मैच जीते थे, जबकि सिर्फ 3 में ही हार का सामना किया।
रविवार को चीन की गुओ हान्यू और फ्रांस की क्रिस्टीना म्लादेनोविक की जोड़ी ने विंबलडन 2026 में महिला युगल का खिताब अपने नाम किया। इस 10वीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने खिताबी मैच में दूसरी वरीयता प्राप्त कनाडा की गैब्रिएला डाब्रोव्स्की और ब्राजील की लुइसा स्टेफनी को 6-3, 7-5 से शिकस्त दी। यह गुओ का पहला ग्रैंड स्लैम फाइनल था, जबकि 34 वर्षीय क्रिस्टीना म्लादेनोविक ने अपने करियर का सातवां महिला युगल ग्रैंड स्लैम जीता।
रविवार को पुरुष एकल के फाइनल में इटली के जानिक सिनर जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव के साथ खिताबी मैच खेल रहे हैं। जोकोविच को मात देकर सिनर ने इस मैच में अपना स्थान सुरक्षित किया है। वहीं, ज्वेरेव ने ब्रिटेन के आर्थर फेरी को मात देकर फाइनल में जगह बनाई है।
--आईएएनएस
आरएसजी

