Samachar Nama
×

जौनपुर में एमएलसी चुनाव की तैयारी पूरी, 90 बूथों पर होगी वोटिंग : डीएम

जौनपुर में एमएलसी चुनाव की तैयारी पूरी, 90 बूथों पर होगी वोटिंग : डीएम
जौनपुर में एमएलसी चुनाव की तैयारी पूरी, 90 बूथों पर होगी वोटिंग : डीएम

जौनपुर, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने बताया कि 23 अक्टूबर को होने वाले इस चुनाव के लिए जनपद में कुल 90 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 68 बूथ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए और 22 बूथ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए निर्धारित किए गए हैं। चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि चुनाव के संबंध में पोलिंग पार्टी रवानगी कार्यक्रम गुरुवार को जौनपुर कलेक्ट्रेट स्थित परीक्षा गृह में संपन्न किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत 90 पोलिंग पार्टियों के साथ-साथ रिजर्व पार्टियों को भी बुलाया गया है। सभी पार्टियों को चुनाव संबंधी दिशा-निर्देश और ऑर्डिनेंस दिए जा रहे हैं। इसके बाद वे अपनी टीम का गठन कर आवश्यक चुनाव सामग्री और स्टेशनरी प्राप्त करेंगी। कलेक्ट्रेट परिसर में पहले से खड़े निर्धारित वाहनों के माध्यम से सभी पार्टियां अपने-अपने बूथों के लिए रवाना होंगी।

डीएम ने बताया कि गुरुवार शाम चार बजे से पांच बजे के बीच सभी पोलिंग पार्टियां अपने निर्धारित बूथों पर पहुंच जाएंगी और वहीं रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन यानी 23 अक्टूबर शुक्रवार सुबह आठ बजे से एमएलसी स्नातक और शिक्षक क्षेत्र के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू होगी। पूरा चुनाव भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों, गाइडलाइंस और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार संपन्न कराया जाएगा।

चुनाव को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए सभी 90 बूथों पर एक-एक माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती की गई है। इन माइक्रो ऑब्जर्वर का मुख्य कार्य यह सुनिश्चित करना होगा कि निर्वाचन आयोग के सभी निर्देशों का पोलिंग अधिकारियों द्वारा शत-प्रतिशत पालन किया जा रहा है। इसके साथ ही बूथ लेवल एजेंटों को भी मतदान केंद्र पर रुकने की अनुमति दी गई है। वे शुक्रवार सुबह आठ बजे अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर पूरी चुनाव प्रक्रिया को स्वयं देख सकेंगे, जिससे पारदर्शिता बनी रहेगी।

मतदान प्रक्रिया शाम चार बजे तक चलेगी। इसके बाद सभी अधिकारी अपने बैलेट बॉक्स और अन्य चुनाव सामग्री को लेकर जौनपुर कलेक्ट्रेट के परीक्षा गृह में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा करेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि जब सभी 90 बूथों के बैलेट बॉक्स स्ट्रांग रूम में प्राप्त हो जाएंगे, तो उन्हें एक साथ जीपीएस युक्त वाहनों के माध्यम से वाराणसी में मंडी परिसर में बनाए गए मुख्य स्ट्रांग रूम के लिए रवाना किया जाएगा। प्रशासन की योजना है कि शुक्रवार रात नौ बजे से दस बजे के बीच जनपद में मतदान से संबंधित सभी कार्यों को सुरक्षित और कुशलतापूर्वक संपन्न कर लिया जाएगा।

चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रति ब्लॉक सुरक्षा के मानक तय किए गए हैं। जिन ब्लॉकों में तीन बूथ हैं, वहां के लिए अलग सुरक्षा मानक है और जहां चार बूथ हैं, वहां के लिए अलग व्यवस्था की गई है। इस संबंध में सभी पुलिस अधिकारियों को बुधवार को ही ब्रीफिंग दे दी गई है। प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर एक इंस्पेक्टर और छह से सात कांस्टेबलों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा होमगार्ड के जवानों की भी ड्यूटी लगाई गई है।

जिलाधिकारी ने बताया कि कुल छह बूथों को संवेदनशील बूथ के रूप में चिन्हित किया गया है। ये बूथ जनपद मुख्यालय से काफी दूर स्थित हैं और साथ ही चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों के गृह ब्लॉक में पड़ते हैं, इसलिए इन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। इन संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story

Tags