जापान: स्नैप इलेक्शन का दांव चला, एग्जिट पोल में ताकाइची काफी आगे
टोक्यो, 8 फरवरी (आईएएनएस)। एग्जिट पोल के मुताबिक, जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची का गठबंधन रविवार के चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने वाला है, जिससे उनके टैक्स में कटौती का रास्ता साफ हो जाएगा। मार्केट इससे थोड़ा घबराया भी है और तय माना जा रहा है कि चीन का मुकाबला करने के लिए मिलिट्री खर्चे में भी वो इजाफा करेंगी।
सरकारी प्रसारक एनएचके के अनुसार, ताकाइची की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी और गठबंधन सहयोगी, जापान इनोवेशन पार्टी, जिसे इशिन के नाम से जाना जाता है निचले सदन की 465 सीटों में से 366 सीटें हासिल कर सकती है। ये एक सुपरमेजॉरिटी होगी और उनके एजेंडा को आसान बनाएगी। अनुमान है कि उनकी पार्टी 328 सीटें जीतेगी, जो अब उनकी बंपर जीत का इशारा करता है।
द जापान टाइम्स के मुताबिक एलडीपी, जिसके पास चुनाव से पहले 198 सीटें थीं, अगर कुल 310 या उससे ज्यादा सीटें जीत जाती है, तो वह अकेले ही निचले सदन के दो-तिहाई हिस्से पर नियंत्रण हासिल कर लेगी। इससे एलडीपी के नेतृत्व वाले गठबंधन को, जिसमें जापान इनोवेशन पार्टी (जेआईपी) भी शामिल है, ऊपरी सदन में बहुमत की कमी के कारण आने वाली चुनौतियों से निपटने में मदद मिलेगी। अगर ऊपरी सदन में अहम बिल और बजट पास नहीं होते हैं, तो उन्हें निचले सदन में दो-तिहाई बहुमत से पास किया जा सकता है।
64 साल की जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री ताकाइची ने पिछले साल के आखिर में सत्ताधारी एलडीपी का नेतृत्व संभालने के बाद से अपनी बढ़ती पर्सनल अप्रूवल रेटिंग का फायदा उठाने के लिए यह जमा देने वाले मौसम यानी सर्दियों का चुनाव किया। ये दांव उनके अपने लिए जीत का सबब बन गया है।
वोटर उनके सीधे-सादे, मेहनती इमेज से आकर्षित हुए हैं, लेकिन उनकी राष्ट्रवादी सोच और सुरक्षा पर जोर देने से शक्तिशाली पड़ोसी चीन के साथ संबंध तनावपूर्ण हो गए हैं, जबकि टैक्स कटौती के उनके वादों ने बाजार को हिला कर रख दिया है।
--आईएएनएस
केआर/

