Samachar Nama
×

जनता ने इंडी अलायंस को पूरी तरह नकारा, उपचुनाव में जीत पर गृह मंत्री शाह का विपक्ष पर हमला

जनता ने इंडी अलायंस को पूरी तरह नकारा, उपचुनाव में जीत पर गृह मंत्री शाह का विपक्ष पर हमला
जनता ने इंडी अलायंस को पूरी तरह नकारा, उपचुनाव में जीत पर गृह मंत्री शाह का विपक्ष पर हमला

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उपचुनाव में भाजपा की जीत को लेकर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा है कि राहुल गांधी और इंडी अलायंस के झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लगातार चुनाव जीत रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के उपचुनावों के साथ राजस्थान और त्रिपुरा के हालिया निकाय चुनावों में एनडीए की जीत का हवाला देते हुए दावा किया कि जनता ने विपक्षी गठबंधन को पूरी तरह नकार दिया है।

गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि चुनावों में लगातार मिल रही जीत बताती है कि जनता का भाजपा पर अटूट विश्वास कायम है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनाधार खो चुके ये दल हर हार के बाद संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं, लेकिन जनता उनके इस चरित्र को पहचान चुकी है।

गृह मंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि जनता ने एक बार फिर प्रचंड जनादेश देकर भाजपा पर अपना भरोसा जताया है। उन्होंने उपचुनावों में जीत के लिए पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी सहित सभी प्रदेश अध्यक्षों और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

गृह मंत्री शाह का यह बयान ऐसे समय आया है, जब मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध प्रदर्शन जारी है। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान अनुचित तरीके से मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। विपक्ष इस मुद्दे पर निर्वाचन आयोग की भूमिका और उसकी जवाबदेही पर सवाल उठा रहा है।

इसी मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों ने दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन का सिलसिला तेज कर दिया है। आगामी दिनों में भी प्रदर्शन प्रस्तावित हैं। विपक्षी नेताओं की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात का समय भी तय हुआ है। इस मुलाकात के दौरान विपक्ष की ओर से मतदाता सूची पुनरीक्षण और मुख्य चुनाव आयुक्त की जवाबदेही से जुड़े मुद्दे उठाए जाने की संभावना है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story