Samachar Nama
×

जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह का साथ देने पर अनंत सिंह कायम, जदयू विधायक ने पार्टी को भी दी नसीहत

जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह का साथ देने पर अनंत सिंह कायम, जदयू विधायक ने पार्टी को भी दी नसीहत
जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह का साथ देने पर अनंत सिंह कायम, जदयू विधायक ने पार्टी को भी दी नसीहत

पटना, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में एमएलसी चुनाव को लेकर जदयू विधायक अनंत सिंह ने स्पष्ट किया है कि वह जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं, लेकिन किसी को चुनौती देने के लिए नहीं। वह सिर्फ अनुज सिंह का साथ देना चाहते हैं। उन्होंने अपनी पार्टी को भी सलाह दी कि यह विधानसभा चुनाव नहीं, बल्कि एमएलसी चुनाव है, इसलिए इसे लेकर ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है।

अनंत सिंह ने जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार पहले भी उनका विरोध करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।

अनंत सिंह ने कहा कि अनुज सिंह ने उनका साथ दिया है, इसलिए वह भी उनका समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी को सलाह देते हुए कहा कि यह विधानसभा चुनाव नहीं है और पार्टी को इतनी बेचैनी नहीं दिखानी चाहिए, क्योंकि जनता को यह अच्छा नहीं लग रहा है।

विधानसभा चुनाव में टिकट मिलने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने खुद टिकट नहीं मांगा था। नीतीश कुमार ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहा था, जिसके बाद वह चुनाव मैदान में उतरे।

नीरज कुमार के ‘पुदीना सिंह’ वाले बयान पर अनंत सिंह ने तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि 23 नवंबर को नीरज कुमार की सारी गैस निकल जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि 18 साल से जो गैस बनी हुई है, वह भी खत्म हो जाएगी और इसके बाद ऐसा दोबारा नहीं होगा।

अनंत सिंह के समर्थक कन्हैया सिंह ने भी नीरज कुमार के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने सवाल उठाया कि नीरज कुमार को पहली बार टिकट किसने दिलवाया था। कन्हैया सिंह ने कहा कि नीरज कुमार को मां ब्रह्माणी के मंदिर में जाकर शपथ लेकर बताना चाहिए कि जब उन्होंने पहली बार एमएलसी चुनाव लड़ा था, तब उन्हें टिकट किसने दिलवाया था।

अनंत सिंह के समर्थक बब्लू पांडे ने एमएलसी चुनाव को लेकर कहा कि यह मुकाबला एनडीए के खिलाफ नहीं, बल्कि व्यक्तिगत है। चुनावी संघर्ष नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच है। बब्लू पांडे ने आरोप लगाया कि नीरज कुमार लगातार ललन सिंह और अनंत सिंह का विरोध करते रहे हैं। इसी वजह से मौजूदा विवाद को दोनों नेताओं के बीच की लड़ाई के रूप में देखा जाना चाहिए।

--आईएएनएस

पीएसके/वीसी

Share this story