Samachar Nama
×

जन्मदिन की बधाइयों पर पीएम मोदी ने जताया आभार, राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति को दिया धन्यवाद

जन्मदिन की बधाइयों पर पीएम मोदी ने जताया आभार, राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति को दिया धन्यवाद
जन्मदिन की बधाइयों पर पीएम मोदी ने जताया आभार, राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति को दिया धन्यवाद

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें देश-विदेश से बधाइयां मिलीं। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति समेत देश की तमाम हस्तियों ने भी शुभकामनाएं दीं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने सभी का आभार जताते हुए धन्यवाद व्यक्त किया है।

उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के बधाई संदेश पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी, आपकी आत्मीय शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत आभार। प्रगतिशील, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ हम नई ऊर्जा और तेज गति से निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में आपका मार्गदर्शन और प्रेरणा हमारे लिए अमूल्य हैं। इनसे जनसेवा के हमारे प्रयासों को और बल मिलता है। जनभागीदारी के साथ भारतवर्ष की समृद्ध विरासत और आधुनिक विकास के संगम से हम देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

उपराष्ट्रपति द्वारा जन्मदिन की बधाई दिए जाने पर पीएम मोदी ने लिखा, "उपराष्ट्रपति थिरु सीपी राधाकृष्णन जी, आपकी स्नेहपूर्ण और विचारशील शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। हम हर नागरिक को सशक्त बनाने, यह सुनिश्चित करने कि विकास का लाभ देश के हर कोने तक पहुंचे, और 'विकसित भारत' के निर्माण के अपने सामूहिक संकल्प को पूरा करने के लिए नई ऊर्जा और दृढ़ संकल्प के साथ काम करना जारी रखेंगे।"

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के बधाई संदेश पर पीएम मोदी ने जवाब में लिखा, "स्नेहपूर्ण संदेश के लिए आपका हृदय से आभार। आपके द्वारा व्यक्त की गई भावनाएं मेरे लिए अत्यंत मूल्यवान हैं। कोटि-कोटि देशवासियों की प्रतिभा और परिश्रम के बल पर देश आज विकास के नित नए मानदंड गढ़ रहा है। उनके सहयोग और आशीर्वाद से हम पूरी निष्ठा के साथ भारत को और अधिक सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए संकल्पबद्ध हैं।"

उन्होंने राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के बधाई संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "जन-जन की सेवा का हमारा संकल्प अटूट है। देशवासियों को हर तरह से सशक्त बनाने के अपने प्रयासों में हम कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।"

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story

Tags