Samachar Nama
×

जन्माष्टमी स्पेशल: बच्चों को जरूर दिखाएं भगवान श्री कृष्ण पर बनी ये एनिमेटेड फिल्में

जन्माष्टमी स्पेशल: बच्चों को जरूर दिखाएं भगवान श्री कृष्ण पर बनी ये एनिमेटेड फिल्में
जन्माष्टमी स्पेशल: बच्चों को जरूर दिखाएं भगवान श्री कृष्ण पर बनी ये एनिमेटेड फिल्में

मुंबई, 3 सितंबर (आईएएनएस)। भगवान श्री कृष्ण भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और धार्मिक आस्था के सबसे लोकप्रिय पात्रों में एक हैं। उनकी लीलाएं, माखन चोरी, नटखट शरारतें, कालिया नाम दमन और गोकुल-वृंदावन में बिताए गए दिन, हर उम्र वर्ग को आकर्षित करती है। बाल-गोपाल की इन्हीं लीलाओं को एनिमेशन के माध्यम से नई पीढ़ियों तक पहुंचाया गया।

कई लोकप्रिय एनिमेटेड कार्टूनों ने कृष्ण के बाल स्वरूप, उनकी चंचलता, मित्रता और अद्भुत शक्तियों को बेहद रोचक ढ़ंग से प्रस्तुत की है। इस जन्माष्टमी वीक में हम आपको भगवान श्री कृष्ण पर आधारित लोकप्रिय कार्टून के बारे में बताएंगे, जिन्होंने विशेष रूप से लोकप्रियता हासिल की।

लिटिल कृष्णा : यह एक लोकप्रिय 3डी एनिमेटेड टेलीविजन सीरीज है, जिसके बाद 3 और सीरीज आई थीं। इस सीरीज का निर्माण रिलायंस बिग एनीमेशन और इस्कॉन के द हेरिटेज फाउंडेशन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था। यह शो पहली बार 2009 में निकलोडियन चैनल पर प्रसारित किया गया था और बाद में इसे डिस्कवरी किड्स और यूट्यूब पर भी खूब पसंद किया गया। इस सीरीज का बैकग्राउंड म्यूजिक और मंत्रोच्चार बहुत ही सुरीले हैं, जो दर्शकों को एक दिव्य और शांत अनुभव देते हैं।

कृष्णा और कंस : यह साल 2012 में रिलायंस एंटरटेनमेंट द्वारा बनाई गई यह भारत की पहली 3डी एनिमेटेड फिल्मों में से एक थी। इसमें कृष्णा के जन्म से लेकर कंस के वध तक की कहानी को बेहतरीन एनिमेशन और गानों के साथ दिखाया गया है। इस एनिमेटेड शो के माध्यम से बच्चों को बहुत ही सरल भाषा में 'अधर्म पर धर्म की जीत' और 'बुराई पर अच्छाई की विजय' का संदेश दिया जाता है। यह सिखाता है कि चाहे बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, जीत हमेशा सच्चाई की ही होती है।

कृष्णा बलराम : इस लोकप्रिय एनिमेटेड सीरीज में मुख्य रूप से भगवान कृष्ण और उनके बड़े भाई बलराम के बचपन की पौराणिक कहानियों और उनके कारनामों को दिखाया गया था। इसमें पारंपरिक पौराणिक कथाओं को एक्शन, एडवेंचर और मनोरंजन के आधुनिक मिश्रण को साथ में पेश किया गया था। हर एक एपिसोड में कृष्णा के जीवन में आई चुनौती और राक्षस (जैसे पूतना, बकासुर, अघासुर, या कालिया नाग) का सामना करना पड़ता है। राजा कंस द्वारा भेजे गए इन मायावी राक्षसों को कृष्णा अपनी चतुराई से और बलराम अपनी ताकत से हराते हैं।

इस सीरीज का निर्माण प्रसिद्ध भारतीय एनिमेशन स्टूडियो ग्रीन गोल्ड एनिमेशन ने किया था (वही स्टूडियो जिसने 'छोटा भीम' बनाया है)। इसका प्रसारण मुख्य रूप से कार्टून नेटवर्क और बाद में अन्य बाल चैनलों पर किया गया।

रोल नंबर 21: इस लोकप्रिय भारतीय एनिमेटेड टेलीविजन सीरीज को आधुनिक रूप में परिवर्तन करके प्रसारित किया गया था, जिसमें पाताल लोक का दुष्ट राजा कंस पृथ्वी पर प्रिंसिपल कनिष्क के रूप में पुनर्जन्म लेता है, जो मथुरा अनाथ आश्रम (स्कूल) का प्रिंसिपल है। उसका मुख्य उद्देश्य दुनिया पर कब्जा करना होता है। दूसरी ओर, भगवान कृष्ण क्रिस नाम के एक प्यारे, बुद्धिमान और नटखट बच्चे के रूप में उसी स्कूल में दाखिला लेते हैं। क्रिस के पास भगवान कृष्ण वाली (दिव्य) शक्तियां हैं, जो उसे अपनी बांसुरी और मोरपंख से मिलती हैं। वह प्रिंसिपल कनिष्क और उसके खतरनाक राक्षसी योजनाओं को नाकाम कर देता है।

माखन चोर : 'छोटा भीम' बनाने वाले स्टूडियो ग्रीन गोल्ड ने 'कृष्णा: द माखन चोर' नाम से एक पूरी एनिमेटेड फिल्म बनाई थी। इसमें उनकी शरारतों और कंस के भेजे राक्षसों से उनकी लड़ाई को दिखाया गया है।

--आईएएनएस

एनएस/वीसी

Share this story