जनगणना ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर होगी एफआईआर, तत्काल काम शुरू करने के निर्देश
ग्रेटर नोएडा, 21 नवंबर (आईएएनएस)। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तहत चल रहे कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनगणना ड्यूटी मिलने के बावजूद कार्य शुरू नहीं करने वाले इन्यूमेरेटर के खिलाफ जनगणना अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सभी संबंधित कर्मचारियों को तत्काल अपना ड्यूटी पत्र प्राप्त कर आवंटित क्षेत्र में जनगणना का काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इस अवधि में नागरिक जनगणना पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी और अपने परिवार के सदस्यों से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकते हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे स्वगणना अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कराएं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में जनगणना का कार्य व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। नगर जनगणना अधिकारी एवं प्राधिकरण के सीईओ सुमित यादव के अनुसार, जनगणना कार्य के लिए कुल 2436 इन्यूमेरेटर और 330 सुपरवाइजर की तैनाती की गई है। इन सभी कर्मचारियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि प्रत्येक इलाके में जनगणना की प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार पूरी हो सके। हालांकि, कुछ इन्यूमेरेटर ऐसे भी सामने आए हैं, जिन्होंने अभी तक अपनी ड्यूटी प्राप्त नहीं की है और न ही आवंटित कार्यक्षेत्र में जनगणना का काम शुरू किया है। ऐसे कर्मचारियों को प्रशासन की ओर से कड़ी चेतावनी दी गई है। उन्हें तत्काल संबंधित कार्यालय से अपना ड्यूटी पत्र प्राप्त करने और बिना किसी देरी के निर्धारित क्षेत्र में काम शुरू करने को कहा गया है।
नगर जनगणना अधिकारी एवं एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट किया कि जनगणना देश का अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें तैनात प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह पूरी गंभीरता और निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने दायित्वों का निर्वहन करे। ड्यूटी में लापरवाही करने, निर्देशों का पालन नहीं करने अथवा जानबूझकर कार्य शुरू नहीं करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराने समेत अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कार्रवाई की स्थिति में संबंधित कर्मचारी स्वयं जिम्मेदार होंगे। जनगणना अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने प्रोत्साहन की व्यवस्था भी की है। इसके तहत 16 से 30 नवंबर के बीच जिस सेक्टर या आवासीय सोसाइटी के शत-प्रतिशत निवासी स्वगणना की प्रक्रिया में शामिल होंगे, वहां के ब्लॉक या सेक्टर प्रतिनिधि यानी आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से ऐसे सेक्टरों और सोसाइटियों के प्रतिनिधियों को सम्मान दिया जाएगा, जहां सभी निवासी स्वगणना में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। एसीईओ एवं नगर जनगणना अधिकारी सुमित यादव ने सेक्टरवासियों, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और आवासीय सोसाइटियों के प्रबंधन से इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए और सोसाइटी प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में निवासियों को स्वगणना के प्रति जागरूक करें और अधिक से अधिक लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित करें। इससे जनगणना का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगी। प्राधिकरण का प्रयास है कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में अधिकतम नागरिक स्वगणना में भाग लें और जनगणना अभियान को सफल बनाया जा सके।
--आईएएनएस
पीकेटी/एमएस

