Samachar Nama
×

जनता का अटूट विश्वास मोदी सरकार की सबसे बड़ी ताकत : सम्राट चौधरी

पटना, 12 जून (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उनके नेतृत्व की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने विकास को गांव-गांव तक पहुंचाने का ऐतिहासिक काम किया है और 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
जनता का अटूट विश्वास मोदी सरकार की सबसे बड़ी ताकत : सम्राट चौधरी

पटना, 12 जून (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उनके नेतृत्व की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने विकास को गांव-गांव तक पहुंचाने का ऐतिहासिक काम किया है और 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

पटना में भाजपा द्वारा आयोजित मीडिया संवाद को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी ने विकास गांव-गांव तक पहुंचाने का काम किया है। 2047 विकसित भारत का सपना उन्होंने देखा है। बिहार इस विकास की मुख्यधारा से जुड़कर समृद्ध बने, यही हमारा लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी को स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बताते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनता का अटूट विश्वास ही मोदी सरकार की सबसे बड़ी ताकत है।

पीएम मोदी के कार्यकाल के दौरान लिए गए फैसलों का जिक्र और कमिटमेंट के बारे में सीएम ने कहा कि अयोध्या का राम मंदिर भाजपा का मूल एजेंडा नहीं था, लेकिन सनातन समाज, हिंदू समाज और संघ के प्रयासों से भव्य राम मंदिर की स्थापना हुई। देश में एकीकृत टैक्स प्रणाली लागू कर लालफीता शाही समाप्त की।

सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा कमिटमेंट वाली पार्टी है जो कहती है उसे पूरा करने में विश्वास करती है।

बिहार के विकास पर उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों से राज्य में सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेज प्रगति हुई है। नक्सलवाद पर लगाम कसी गई है। जनधन खाते, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) और पेंशन जैसी योजनाओं से गरीबों तक सीधा लाभ पहुंच रहा है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जनता के विश्वास पर खरी उतर रही है और विकास के एजेंडे पर बिना रुके काम कर रही है।

सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

उन्होंने कहा कि नारी सशक्तीकरण केवल एक उद्देश्य नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव है। पिछले वर्षों में महिलाओं के लिए कौशल विकास, डिजिटल साक्षरता, स्वरोजगार के अवसर, सामाजिक सुरक्षा और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली पहलों ने उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। आज महिलाएं आत्मविश्वास के साथ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और अपनी क्षमता, समर्पण एवं नेतृत्व से देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

Share this story

Tags