जनकपुर से तिलक लेकर पहली बार ट्रेन से पहुंचे श्रद्धालु, सीता-राम के विवाह में शामिल होने का देंगे निमंत्रण
अयोध्या, 29 नवंबर (आईएएनएस)। नेपाल के जनकपुर धाम से भगवान श्रीराम के लिए तिलक लेकर पहली बार सरयू कमला एक्सप्रेस अयोध्या पहुंची, तो पूरा अयोध्या धाम स्टेशन भक्ति और उत्साह से गूंज उठा। इस विशेष ट्रेन में सैकड़ों श्रद्धालु सवार थे, जो जनकपुर से चलकर सीधे अयोध्या आए हैं। स्टेशन पर पहुंचते ही अयोध्या के लोगों ने फूलों की वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।
जनकपुर धाम महानगरपालिका के नगर प्रमुख मनोज कुमार साह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जनकपुर और अयोध्या का रिश्ता सदियों पुराना है। जनकपुर माता सीता की जन्मभूमि है और अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि। धनुष यज्ञ के बाद भगवान श्रीराम ने शिव धनुष को तोड़ा था लेकिन उस समय राजा दशरथ अयोध्या में थे। राजा जनक ने उन्हें निमंत्रण पत्र भेजा था और फिर राजा दशरथ बारात लेकर जनकपुर गए थे। उसी परंपरा को आज भी निभाया जा रहा है। हर वर्ष जनकपुर से तिलक लेकर श्रद्धालु अयोध्या आते हैं। इस बार खास बात यह रही कि यह यात्रा पहली बार सीधी ट्रेन से हुई, जिससे श्रद्धालुओं को काफी आराम मिला।
उन्होंने कहा, "मैं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को मिथिला वासियों की ओर से धन्यवाद देना चाहूंगा कि आज कलयुग में त्रेतायुग का आभास हो रहा है। हम लोग रातभर एकदम आराम से सोकर आए हैं, कोई थका हुआ नहीं है। सुबह साढ़े सात बजे अयोध्या पहुंच गए। कल जनकपुर से दोपहर सवा एक बजे ट्रेन चली और यहां सुबह साढ़े सात बजे हम लोग स्टेशन पर पहुंच गए। कल शाम को पांच बजे वापसी की ट्रेन है, यानी दो दिन का समय हम लोगों को यहां पूजा-पाठ, दर्शन और स्नान के लिए मिला है। इसलिए दोनों सरकारों को बहुत-बहुत धन्यवाद है।"
मनोज कुमार साह ने कहा, "हम लोग रविवार दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक तिलक कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहां पंकज महाराज के निमंत्रण पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ है। आज तिलक में विधिवत रूप से जनकपुर धाम महानगरपालिका, जानकी मंदिर के महंत राम तपेश्वर दास और विश्व हिंदू परिषद के लोग मिलकर तीन बजे से छह बजे तक तिलक का कार्यक्रम करेंगे। इसके बाद निमंत्रण पत्र मंदिर ट्रस्ट को सौंपा जाएगा। हम लोग संपूर्ण अयोध्या वासियों को निमंत्रण दे रहे हैं। 14 तारीख को भगवान सीता का विवाह होने वाला है।"
अयोध्या महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि जनकपुर से आज अयोध्या के लिए एक ट्रेन आई है। इसी हफ्ते यहां से अयोध्या से जनकपुर के लिए ट्रेन गई थी, आज हम लोगों ने अयोध्या धाम में जनकपुर से आए लोगों का स्वागत किया है और यह सुखद अवसर है। प्रभु श्रीराम को तिलक चढ़ाने के लिए जो लोग आए हैं, वे भी इसी ट्रेन से आए हैं।
श्रद्धालु श्रवण कुमार झा ने कहा कि हम लोग सरयू कमला एक्सप्रेस से आए हैं, जो आज पहली बार आई है। हम लोग सब सामान लेकर जनकपुर से आए हैं। हमारे साथ जनकपुर नगर निगम के मेयर भी आए हैं। ट्रेन में बहुत अच्छी व्यवस्था थी, खाने से लेकर हर चीज की अच्छी व्यवस्था थी। टाइमिंग भी बिल्कुल परफेक्ट रही और ट्रेन समय पर पहुंची।
एक अन्य श्रद्धालु ने कहा कि हम लोग कमला एक्सप्रेस से जनकपुर धाम से आए हैं। बहुत अच्छा लगा, व्यवस्था भी बहुत अच्छी थी और सीधे जनकपुर धाम से यहां तक आए, तो हम लोगों को खुशी है कि कहीं उतरना नहीं पड़ा। यहां पर स्वागत भी बहुत अच्छा किया गया।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम

