Samachar Nama
×

‘जन-गण-मन’ के रचयिता रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि

‘जन-गण-मन’ के रचयिता रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि
‘जन-गण-मन’ के रचयिता रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 7 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के रचयिता, नोबेल पुरस्कार से सम्मानित रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने श्रद्धांजलि दी है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने एक्स पर लिखा, "भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण के महान शिल्पी, विश्वकवि, नोबेल पुरस्कार से सम्मानित, राष्ट्रगान 'जन गण मन' के रचयिता गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि।"

ओम बिड़ला ने आगे लिखा, "गुरुदेव टैगोर एक महान कवि होने के साथ ही दार्शनिक, शिक्षाविद्, संगीतकार, चित्रकार, समाज सुधारक और मानवतावादी चिंतक भी थे। अपनी साहित्यिक रचनाओं, शिक्षा दर्शन और सांस्कृतिक दृष्टि के माध्यम से उन्होंने भारतीय चेतना को नई दिशा प्रदान की। वर्ष 1913 में 'गीतांजलि' के लिए साहित्य का नोबेल पुरस्कार प्राप्त कर गुरुदेव ने भारतीय साहित्य को वैश्विक पहचान दिलाई। उनका मानना था कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति के सर्वांगीण विकास और स्वतंत्र चिंतन का आधार है।"

उन्होंने कहा, "भारतीय संस्कृति, प्रकृति, आध्यात्मिकता और मानवीय मूल्यों को अपनी रचनाओं में अद्भुत संवेदनशीलता के साथ अभिव्यक्त करने वाले गुरुदेव टैगोर ने प्रेम, करुणा, सह-अस्तित्व और विश्व-बंधुत्व का संदेश दिया। उनका सम्पूर्ण जीवन और विचार आज भी भारतीय संस्कृति, शिक्षा और मानवता के लिए प्रेरणा के शाश्वत स्रोत हैं, उनकी रचनाएं आज भी समाज को संवेदनशील, जागरूक और मानवीय बनाने की प्रेरणा देती हैं।"

गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, "कविगुरु गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। गुरुदेव टैगोर ने अपनी लेखनी से भारत की आत्मा को स्वर दिया और स्वतंत्रता आंदोलन में नई चेतना का संचार किया। उनकी अमर कृति 'जन गण मन' राष्ट्र की एकात्म चेतना और आत्मगौरव का प्रतीक है। विश्व भारती विश्वविद्यालय की स्थापना कर कविगुरु ने भारतीय संस्कृति, दर्शन और शिक्षा के वैभव को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित किया। उनका साहित्य आज भी करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है।"

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर पोस्ट किया,"राष्ट्रगान 'जन-गण-मन' के रचयिता, नोबेल पुरस्कार से अलंकृत, महान कवि व अद्वितीय कथाकार गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं!आपकी अमर कृतियां, आदर्श जीवन व पुण्य विचार सदैव हमें राष्ट्र की उन्नति और समाज के उत्थान के लिए प्रेरित करते रहेंगे।"

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर लिखा, "भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण के अग्रदूत, महान दार्शनिक व साहित्यकार, नोबेल पुरस्कार से सम्मानित, श्रद्धेय गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने न केवल देश के लिए ‘जन-गण-मन’ जैसा पवित्र राष्ट्रगान रचा, अपितु शिक्षा, कला और स्वराज के विचार को भी नई दिशा दी। आपकी कालजई और राष्ट्रप्रेम की अलख जगाने वाली रचनाएं व पुण्य विचार हमें आज भी आत्मबोध, राष्ट्रबोध और मानवीय मूल्यों की ओर प्रेरित करते हैं।"

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर पोस्ट किया, "हमारे राष्ट्रीय गान 'जन-गण-मन' की सच्ची भावना को साकार करने वाले, भारतीय विद्वान, नोबेल पुरस्कार विजेता और गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर को उनकी पुण्यतिथि पर सादर नमन।"

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पोस्ट में कहा, "भारत के मस्तक पर साहित्य, संस्कृति और स्वाभिमान का स्वर्णिम मुकुट सजाने वाले, राष्ट्रगान के अमर रचयिता, नोबेल पुरस्कार से सम्मानित गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर की पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि।आपकी अमर रचनाएं भारतीय साहित्य की गौरवशाली विरासत हैं, जो प्रत्येक पीढ़ी को संवेदना और सृजन का संदेश देती रहेंगी।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, "विश्वविख्यात कवि, महान साहित्यकार, जन-गण-मन के रचयिता, नोबेल पुरस्कार से सम्मानित गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर जी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिशः नमन! भारतीय संस्कृति, साहित्य, शिक्षा, उनके विचार और कालजयी रचनाएँ आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरणा प्रदान करती रहेंगी।"

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पोस्ट में कहा, "सशक्त लेखनी के माध्यम से भारतीय साहित्य को विश्व पटल पर गौरवान्वित करने वाले महान कवि, चिंतक एवं नोबेल पुरस्कार से अलंकृत गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्र और समाज सेवा को समर्पित आपका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।"

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक्स पर पोस्ट किया, "विश्वविख्यात कवि, महान साहित्यकार, दार्शनिक, राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के रचयिता एवं नोबेल पुरस्कार से सम्मानित गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। भारतीय साहित्य, संगीत, कला और संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने में उनका अमूल्य योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी कालजयी रचनाएं मानवता, राष्ट्रप्रेम और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देकर आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करती रहेंगी।"

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स में कहा, "राष्ट्रगान के रचयिता, सुप्रसिद्ध साहित्यकार, महान शिक्षाविद् एवं नोबेल पुरस्कार से सम्मानित गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। अपने साहित्य, शिक्षा-दर्शन और मानवीय मूल्यों के माध्यम से उन्होंने भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा दी। ज्ञान, सृजन, संवेदना और राष्ट्रप्रेम का उनका संदेश आज भी विकसित, समरस और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की हमारी यात्रा को निरंतर आलोकित करता है।"

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट किया, "नोबेल पुरस्कार से सम्मानित महान कवि, विश्वविख्यात साहित्यकार एवं राष्ट्रगान के रचयिता गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर शत्-शत् नमन। उनकी लेखनी ने भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा दी और मानवता, शिक्षा तथा राष्ट्रप्रेम के उनके विचार आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा हैं।"

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट किया,"राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के रचयिता, नोबेल पुरस्कार से सम्मानित राष्ट्रऋषि, महान कवि एवं साहित्यकार गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। भारतीय संस्कृति, राष्ट्रचेतना और मानवता को समर्पित उनका जीवन एवं कालजयी साहित्य सदैव समाज को कर्तव्य, सेवा और सांस्कृतिक गौरव के पथ पर अग्रसर करता रहेगा।"

--आईएएनएस

ओपी/एएस

Share this story