जमशेदपुर में रंगदारी वसूली के लिए कारोबारी पर फायरिंग के मामले में छह अपराधी गिरफ्तार
जमशेदपुर, 20 मई (आईएएनएस)। जमशेदपुर के जुगसलाई बाजार में कपड़ा कारोबारी पर फायरिंग और रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कुख्यात मनीष सिंह गिरोह से जुड़े छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से चार देशी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस, तीन मैगजीन, एक खोखा, घटना में इस्तेमाल की गई कार और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सिटी एसपी ललित मीणा ने बुधवार को प्रेस वार्ता में पूरे मामले की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अपराधियों ने पहले कपड़ा कारोबारी से रंगदारी मांगी थी। कारोबारी के इनकार करने पर इलाके में दहशत फैलाने और अपना वर्चस्व कायम करने के लिए फायरिंग की गई। पूछताछ में सभी आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। घटना 15 मई की दोपहर की है।
जुगसलाई नगर परिषद बाजार स्थित 'यूनिक कलेक्शन' नामक कपड़ा दुकान में हथियारबंद बदमाश घुस आए थे। बदमाश एक कार से पहुंचे थे और दुकान के अंदर फायरिंग शुरू कर दी थी। हालांकि, कारोबारी दिनेश बेरिया इस हमले में बाल-बाल बच गए। दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से पूरे बाजार इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। घटना के बाद जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
तकनीकी जांच और फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की गई। जांच में पता चला कि सभी आरोपी मनीष सिंह गिरोह से जुड़े हैं। पुलिस ने छापेमारी कर पांच अपराधियों को बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के रेलवे यार्ड से गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य आरोपी को जुगसलाई के पवट मोहल्ला से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार छह आरोपियों में चार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। सिटी एसपी ने कहा कि शहर में रंगदारी, जबरन वसूली और आपराधिक गतिविधियों में शामिल किसी भी गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियार सप्लायर के बारे में भी जांच कर रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी

