Samachar Nama
×

जमशेदपुर के स्कूल कैंपस में किशोरी की हत्या का खुलासा, नाबालिग प्रेमी ने ली थी जान

जमशेदपुर, 11 मई (आईएएनएस)। जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सोपोडेरा राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में रविवार को मिली नाबालिग लड़की की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस वारदात को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने उसके 16 वर्षीय प्रेमी को गिरफ्तार किया है। उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली है।

जमशेदपुर के बिरसानगर की किशोरी शुक्रवार से लापता थी। जांच में पता चला कि शनिवार की रात वह अपने प्रेमी के साथ सोपोडेरा स्थित स्कूल परिसर पहुंची, जहां उनके बीच शादी को लेकर तीखी बहस हुई। किशोरी लगातार शादी का दबाव बना रही थी जबकि आरोपी अपनी कम उम्र का हवाला देकर इससे इनकार कर रहा था। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर आरोपी ने किशोरी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

रविवार सुबह स्कूल परिसर में शव मिलने के बाद इलाके में भारी आक्रोश और दहशत फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स की मदद ली। जांच की कड़ी आरोपी तक पहुंची और उसे गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कुमफूटा से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में रिमांड होम भेज दिया गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच और मेडिकल इनपुट के आधार पर स्पष्ट किया है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना नहीं हुई थी। मृतका के बारे में बताया गया कि वह कोरोना काल के बाद से ही अपने परिवार से अलग रहकर घरों में कामकाज कर अपना गुजारा कर रही थी। इसी दौरान उसका परिचय आरोपी से हुआ था, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गया। पुलिस अब घटना के अन्य पहलुओं और हत्या में प्रयुक्त साक्ष्यों को जुटाने में लगी है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके

Share this story

Tags