Samachar Nama
×

जमशेदपुर : सात वर्षीय मासूम से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, उग्र भीड़ ने की पिटाई

जमशेदपुर : सात वर्षीय मासूम से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, उग्र भीड़ ने की पिटाई
जमशेदपुर : सात वर्षीय मासूम से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, उग्र भीड़ ने की पिटाई

जमशेदपुर, 20 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के जमशेदपुर स्थित सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के देवनगर बस्ती में सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा और पुलिस के हवाले करने से पहले उसके साथ जमकर मारपीट की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवनगर बस्ती में आरोपी युवक ने मासूम बच्ची को अकेला पाकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की पहचान क्षेत्र के ही रहने वाले 26 वर्षीय गोगाई कर्मकार के रूप में हुई है। इस घटना की भनक जैसे ही परिजनों और पड़ोसियों को लगी, देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गए। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आरोपी गोगाई कर्मकार को मौके पर ही पकड़ लिया। लोगों का गुस्सा इस कदर फूटा कि उन्होंने आरोपी की जमकर धुनाई कर दी और उसे जूतों की माला पहनाकर विरोध जताया।

घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव और हंगामे की स्थिति बनी रही। मामले की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस बल दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को उग्र भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और उसे अपनी हिरासत में ले लिया। इसके बाद आरोपी को थाने लाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने पीड़ित मासूम बच्ची को डॉक्टरी जांच और आवश्यक चिकित्सीय देखभाल के लिए अस्पताल भिजवाया है। सीतारामडेरा पुलिस का कहना है कि स्थिति को पूरी तरह से नियंत्रित कर लिया गया है और इलाके में एहतियातन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि मामले में सुसंगत कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम

Share this story

Tags