Samachar Nama
×

जम्मू : तवी नदी में फंसे चार बच्चों को पुलिस और एसडीआरएफ ने सुरक्षित बचाया

जम्मू : तवी नदी में फंसे चार बच्चों को पुलिस और एसडीआरएफ ने सुरक्षित बचाया
जम्मू : तवी नदी में फंसे चार बच्चों को पुलिस और एसडीआरएफ ने सुरक्षित बचाया

जम्मू, 4 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू में पीर खो मंदिर के पास तवी नदी में नहाने गए चार बच्चों की जान समय रहते बचा ली गई। अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से चारों बच्चे बीच धारा में फंस गए थे। सूचना मिलते ही जम्मू पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर संयुक्त बचाव अभियान चलाया और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि पीर खो मंदिर के पास तवी नदी में नहा रहे चार बच्चे अचानक पानी का स्तर बढ़ने के कारण फंस गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए बचाव अभियान शुरू किया।

मौके पर पुलिस उपाधीक्षक (सिटी नॉर्थ), पक्का डंगा थाना प्रभारी और एसडीआरएफ की टीम पहुंची। सभी एजेंसियों ने आपसी तालमेल के साथ राहत और बचाव कार्य चलाया। काफी मशक्कत के बाद चारों बच्चों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी बच्चे को कोई चोट नहीं आई।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। यदि बचाव अभियान में थोड़ी भी देरी होती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

बचाव अभियान पूरा होने के बाद पुलिस उपाधीक्षक (सिटी नॉर्थ) ने लोगों से अपील की कि वे तवी नदी के किनारों से दूर रहें, खासकर ऐसे समय में जब नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ या घट रहा हो। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को नदी या अन्य जल स्रोतों के पास अकेले न जाने दें, क्योंकि मानसून के दौरान जलस्तर कभी भी अचानक बढ़ सकता है और यह जानलेवा साबित हो सकता है।

जम्मू पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मानसून के मौसम में नदियों, नालों और अन्य जल स्रोतों के आसपास पूरी सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध हालात की जानकारी तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी पुलिस थाने को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर किसी भी बड़े हादसे को रोका जा सके।

--आईएएनएस

एसएचके/एबीएम

Share this story

Tags