Samachar Nama
×

जम्मू में व्हाइट नाइट कॉर्प्स का 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान, छात्रों और स्थानीय लोगों ने लगाए पौधे

जम्मू में व्हाइट नाइट कॉर्प्स का 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान, छात्रों और स्थानीय लोगों ने लगाए पौधे
जम्मू में व्हाइट नाइट कॉर्प्स का 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान, छात्रों और स्थानीय लोगों ने लगाए पौधे

जम्मू, 13 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस से पहले जम्मू क्षेत्र में देशभक्ति और पर्यावरण के रंग एक साथ नजर आ रहे हैं। भारतीय सेना की 16 कोर यानी व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने 'एक पेड़ मां के नाम' और 'हर घर तिरंगा' अभियानों के जरिए स्थानीय लोगों, छात्रों और बच्चों को बड़ी संख्या में जोड़ा है।

सेना के आधिकारिक एक्स हैंडल व्हाइट नाइट कॉर्प्स से की गई पोस्ट में लिखा गया, "प्यार की जड़ें। बेहतर कल के लिए विकास। व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने जम्मू इलाके के कई हिस्सों में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान चलाया, जिसमें छात्रों, बच्चों और स्थानीय समुदायों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। इस पहल ने हमारी माताओं के साथ हमारे रिश्ते का जश्न मनाया, साथ ही पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई और एक हरे-भरे, स्वस्थ और टिकाऊ कल को संवारा।"

अभियान के तहत जम्मू के स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। सैनिकों ने बच्चों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर नीम, पीपल, बरगद और फलदार पेड़ लगाए। हर पौधे को एक मां को समर्पित किया गया। सेना का कहना है कि इस पहल का मकसद सिर्फ पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली छोड़ना भी है।

कार्यक्रम में शामिल बच्चों ने अपने हाथों से लगाए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। स्थानीय लोगों ने कहा कि सेना की इस पहल से पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ी है और समुदाय में एकजुटता का संदेश गया है।

एक अन्य पोस्ट में व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने लिखा, "तिरंगे को हर घर, हर दिल और हर विरासत तक पहुंचाना। जम्मू क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में सैनिक, छात्र, बच्चे और स्थानीय समुदाय राष्ट्रीय ध्वज का जश्न मनाने के लिए एक साथ आते हैं, और देश के प्रति देशभक्ति, एकता और गर्व की भावना को फिर से मजबूत करते हैं। घरों से लेकर स्कूलों तक, तिरंगा सामूहिक भागीदारी और 'राष्ट्र प्रथम' का प्रतीक बन जाता है। एक तिरंगा, कई दिल, एक राष्ट्र।"

इस अभियान के तहत जम्मू क्षेत्र के स्कूलों, बाजारों और सरकारी कार्यालयों में तिरंगा वितरण और प्रभात फेरियां निकाली गईं। सैनिकों ने बच्चों को तिरंगे का महत्व समझाया और उन्हें देश सेवा के लिए प्रेरित किया।

सेना के अधिकारियों ने कहा कि इन दोनों अभियानों का उद्देश्य 15 अगस्त के 80वें स्वतंत्रता दिवस को खास बनाना है। 'एक पेड़ मां के नाम' से पर्यावरण को संदेश दिया जा रहा है, वहीं 'हर घर तिरंगा' से देशभक्ति और एकता की भावना को मजबूत किया जा रहा है।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story