Samachar Nama
×

जम्मू के गोले गुजराल में मिला पीआईए का गुब्बारा, जांच में जुटी पुलिस

जम्मू के गोले गुजराल में मिला पीआईए का गुब्बारा, जांच में जुटी पुलिस
जम्मू के गोले गुजराल में मिला पीआईए का गुब्बारा, जांच में जुटी पुलिस

श्रीनगर, 12 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के गोले गुजराल क्षेत्र में पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) का गुब्बारा मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। यह गुब्बारा सुबह करीब 9 बजे बरामद किया गया।

सुबह करीब 9:00 बजे जम्मू के गोले गुजराल स्थित रंजीतपुर निवासी कृपाल सिंह के बेटे मनजीत सिंह के खेत में पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) का एक गुब्बारा मिला। पुलिस ने गुब्बारे को अपनी कस्टडी में ले लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।

हालांकि सीमावर्ती इलाकों में इस तरह के गुब्बारे पहले भी मिलते रहे हैं। इससे पहले भी पाकिस्तान से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में ऐसे गुब्बारे बरामद होते रहे हैं। इनमें राजस्थान, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के कई इलाके शामिल हैं। 30 जुलाई को भी जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले की पुलिस ने बताया था कि थानामंडी इलाके के अजमताबाद गांव से पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) के नाम और लोगो वाला एक गुब्बारा मिला था।

अधिकारियों ने बताया कि सफेद और लाल रंग के गुब्बारे पर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) लिखा हुआ था। स्थानीय लोगों को यह गुब्बारा मिला और उन्होंने इसे पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने कहा कि गुब्बारा बरामद कर लिया गया है और इस बात की जांच शुरू कर दी गई है कि क्या यह महज एक घटना है या इसके पीछे कोई अन्य मकसद भी हो सकता है।

सुरक्षा एजेंसियों ने अब तक जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिलों में पाकिस्तान से जुड़े प्रचार-सामग्री वाले और खिलौना गुब्बारे बरामद किए हैं, हालांकि इनमें से ज्यादातर गुब्बारे हवा के साथ बहकर आने वाली सामान्य वस्तुएं होती हैं, लेकिन इलाके में ड्रोन गतिविधियों को देखते हुए अधिकारी हर मामले को गंभीरता से लेते हैं।

अप्रैल में, जम्मू जिले के अरनिया सेक्टर में पाकिस्तान का एक गुब्बारा बरामद किया गया था। मार्च में, राजौरी जिले के सरहोती गांव में हवाई जहाज के आकार का एक गुब्बारा मिला था, जिस पर उर्दू में पीआईए लिखा हुआ था। फरवरी में, जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में दो गुब्बारे मिले थे, जिन पर पाकिस्तान के 5,000 रुपए के नोट, एक अमेरिकी डॉलर और पाकिस्तान का एक मोबाइल फोन नंबर छपा हुआ था।

फरवरी में जम्मू के आरएस पुरा सेक्टर में हरे और सफेद रंग का हवाई जहाज के आकार का एक गुब्बारा मिला था, जिस पर पीआईए लिखा था। इसके साथ ही पीले रंग का दिल के आकार का गुब्बारा भी मिला था।

इससे पहले जनवरी में अखनूर सेक्टर में लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) के पास स्थानीय लोगों को हवाई जहाज के आकार का एक प्रचारात्मक खिलौना गुब्बारा मिला था, जिस पर अंग्रेजी और उर्दू में पीआईए लिखा हुआ था।

इनमें से ज्यादातर वस्तुएं पाकिस्तान में सामान्य व्यावसायिक या जश्न मनाने के लिए उपयोग की जाने वाली चीजें होती हैं, जो हवा के साथ बहकर सीमा पार पहुंच जाती हैं, हालांकि सुरक्षा बल इस बात की जांच करते हैं कि कहीं यह जासूसी, किसी खतरनाक गतिविधि या अन्य संदिग्ध मकसद से जुड़ा मामला तो नहीं है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story

Tags