जम्मू-कश्मीर: सरथल वैली में बढ़ा पर्यटन, खूबसूरत नजारों का आनंद लेने पहुंच रहे लोग
कठुआ, 4 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले की बानी में स्थित सरथल वैली इन दिनों पर्यटकों की भीड़ से गुलजार है। भीषण गर्मी के बीच लोग ठंडी वादियों का आनंद लेने के लिए यहां बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और पहाड़ों की ठंडी हवा ने इस जगह को एक लोकप्रिय टूरिस्ट स्पॉट बना दिया है।
एक महिला पर्यटक ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि जम्मू के कुछ क्षेत्रों में इस समय गर्मी पड़ रही है, ऐसे में उन्होंने बच्चों के साथ कुछ दिन यहां बिताने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि सरथल वैली जैसी जगहें प्रकृति की अद्भुत देन हैं, जहां आकर मन को सुकून मिलता है और गर्मी से राहत मिलती है। उन्होंने अन्य लोगों से भी कहा कि वे पहाड़ी क्षेत्रों का रुख करें और यहां की खूबसूरती का आनंद लें।
पर्यटक ने कहा कि अक्सर लोगों को लगता है कि घूमने के लिए केवल कश्मीर ही सबसे बेहतर विकल्प है, लेकिन जम्मू क्षेत्र में भी कई ऐसी सुंदर और मनमोहक जगहें हैं जो कम प्रसिद्ध होने के बावजूद प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर हैं। सरथल वैली भी उन्हीं जगहों में से एक है, जहां आकर लोग कश्मीर जैसी अनुभूति प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यहां का वातावरण बेहद शांत और ठंडा है, जो गर्मी से परेशान लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। ऊंचे पहाड़, हरियाली और साफ हवा इस स्थान को और भी आकर्षक बनाते हैं। उनका कहना है कि यहां आकर उन्हें मानसिक शांति मिलती है और वे प्रकृति के करीब महसूस करते हैं।
सरथल वैली की यह खूबसूरती धीरे-धीरे लोगों के बीच लोकप्रिय हो रही है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी इसकी चर्चा बढ़ रही है। प्राकृतिक नजारों और शांत वातावरण के कारण यह जगह अब एक उभरते हुए पर्यटन स्थल के रूप में पहचान बना रही है। इस बार काफी संख्या में पर्यटक यहां पर पहुंच रहे हैं।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस

